पालघर: जिले में नशामुक्त भारत अभियान की शुरुआत, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशा विरोधी शपथ।

पालघर: जिले में नशामुक्त भारत अभियान की शुरुआत, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशा विरोधी शपथ।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिला परिषद पालघर के नेतृत्व में समाज कल्याण विभाग एवं महाराष्ट्र राज्य नशाबंदी मंडल के संयुक्त तत्वावधान में “नशामुक्त भारत अभियान” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अंमली पदार्थों से दूर रहने की शपथ ली और समाज में नशामुक्ति का संदेश देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंमली पदार्थ विरोधी शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच नशे के दुष्परिणामों को लेकर व्यापक जनजागरूकता फैलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें।
उन्होंने आगे कहा कि समाज को नशे के दुष्चक्र से बाहर निकालने के लिए युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि युवा वर्ग सकारात्मक दिशा में कार्य करेगा, तो समाज में एक सशक्त परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी (सामान्य प्रशासन) इजाज अहमद शेख, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर तथा महाराष्ट्र राज्य नशाबंदी मंडल के समन्वयक मिलिंद पाटील सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि “नशामुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत पालघर जिले में विभिन्न स्तरों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसमें स्कूलों, महाविद्यालयों, छात्रावासों, महिला बचत समूहों, आंगनवाड़ी सेविकाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के माध्यम से नशा विरोधी शपथ कार्यक्रम, जनजागरूकता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता एवं रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।