पालघर: 28 जून को पल्स पोलियो अभियान: पालघर जिले के 1.56 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक।
पालघर: 28 जून को पल्स पोलियो अभियान: पालघर जिले के 1.56 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक।
अखिलेश चौबे
पालघर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के अंतर्गत पालघर जिले में रविवार, 28 जून 2026 को विशेष पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले के शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 56 हजार 283 बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पोलियो मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो टीकाकरण से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से पूरे जिले में 2,238 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
अभियान के सफल संचालन के लिए 4,918 स्वास्थ्य कर्मचारी, परिचारिकाएं, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा स्वयंसेविकाएं तथा स्वयंसेवकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा अभियान की निगरानी, नियंत्रण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए 437 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्रामीण अस्पतालों, शासकीय अस्पतालों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोलियो टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। 28 जून को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक के रूप में “दो बूंद जिंदगी की” पिलाई जाएगी।
अभियान के दिन यदि किसी कारणवश कोई बच्चा टीकाकरण से छूट जाता है तो ऐसे बच्चों के लिए 28 से 30 जून 2026 तक विशेष घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पात्र बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराएंगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर 16 जून 2026 को जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला कलेक्टर डॉ. इंदुरानी जाखड़ की अध्यक्षता में समीक्षा एवं नियोजन बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष चौधरी, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. रामदास मराड, अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शशिकांत सालुंखे, जिला माता एवं बाल संगोपन अधिकारी डॉ. वेदेही मालवी सहित जिले के सभी तालुका स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग का एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक केंद्र पर समय से पहले वैक्सीन उपलब्ध कराने और सूक्ष्म स्तर पर नियोजन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
वहीं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा स्थानीय प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
जिला परिषद स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर टीकाकरण अवश्य कराएं और “पोलियो के दो बूंद – आजीवन सुरक्षा” अभियान में सहभागी बनें।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि पोलियो के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक टीकाकरण पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहभागिता और जागरूकता के माध्यम से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
Comments
Post a Comment