पालघर: प्रश्नपत्र लीक होने के संदेह पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 स्थगित।भिवंडी में पुलिस की छापेमारी के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद का निर्णय, नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित।

पालघर: प्रश्नपत्र लीक होने के संदेह पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 स्थगित।
भिवंडी में पुलिस की छापेमारी के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद का निर्णय, नई परीक्षा तिथि जल्द होगी घोषित।

अखिलेश चौबे 
पालघर। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद, पुणे ने रविवार 28 जून 2026 को पूरे राज्य में आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। यह निर्णय भिवंडी में प्रश्नपत्र लीक होने के संदेह के बाद लिया गया। पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है तथा प्रारंभिक जांच में उनके पास मिले कुछ प्रश्न टीईटी-2026 की प्रश्नपत्रिका से मेल खाने की आशंका जताई गई है।
जिला परिषद पालघर के शिक्षा विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शिक्षणाधिकारी (प्राथमिक) एवं टीईटी-2026 की नियंत्रण अधिकारी सोनाली मातेकर ने महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के आयुक्त के आदेश के आधार पर परीक्षा स्थगित किए जाने की पुष्टि की है। परिषद के पत्र के अनुसार परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अनुसार, 28 जून को राज्यभर के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की जानी थी। परीक्षा के सुरक्षित और निष्पक्ष संचालन के लिए पहले से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। हाल ही में अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित अनियमितताओं को ध्यान में रखते हुए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही थी।
इसी दौरान 27 जून की सुबह प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने एक स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में उनके पास मिले कुछ प्रश्न टीईटी जून-2026 की प्रश्नपत्रिका से मेल खाते पाए जाने की आशंका के बाद भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा तथा परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण संभावित अनियमितता की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
परिषद ने बताया है कि शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 की नई परीक्षा तिथि तथा अन्य आवश्यक निर्देश शीघ्र ही महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और केवल परिषद द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
जिला परिषद पालघर के शिक्षा विभाग ने भी सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।