पालघर: योग से बनेगा विश्व रिकॉर्ड: 14 जून को ऑनलाइन सत्र में भाग लेकर इतिहास रचने का मौका, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी।
पालघर: योग से बनेगा विश्व रिकॉर्ड: 14 जून को ऑनलाइन सत्र में भाग लेकर इतिहास रचने का मौका, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी।
अखिलेश चौबे
पालघर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इस सत्र के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:16 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस विशेष पहल का आयोजन आयुष मंत्रालय, भारत सरकार और हैबिल्ड हेल्थटेक प्रा. लि. के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
सत्र का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इसमें भाग लेने के इच्छुक नागरिकों को पहले से पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण किया जा सकता है। पंजीकरण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को योग सत्र की लिंक और आवश्यक दिशा-निर्देश संदेश के माध्यम से भेजे जाएंगे।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के नियमों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी को अपने अलग डिजिटल उपकरण जैसे मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट के माध्यम से सत्र में लॉग-इन करना आवश्यक होगा। प्रत्येक पंजीकृत उपकरण को एक अलग प्रतिभागी के रूप में मान्यता दी जाएगी।
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए खेल विभाग के सभी जिला खेल अधिकारियों और विभागीय उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिला प्रशासन, महानगरपालिका, जिला परिषद, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थाएं और अन्य संबंधित विभागों को भी इस अभियान से जोड़ने के निर्देश जारी किए गए हैं।
योग के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यरत संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन, विद्यालय, महाविद्यालय, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), नेहरू युवा केंद्र तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।
जिला खेल अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारत को एक नया वैश्विक रिकॉर्ड बनाने में सहयोग करें।
Comments
Post a Comment