पालघर: संसद में आदिवासी मुद्दों की मजबूत आवाज बने डॉ. हेमंत सवरा, ‘संसदरत्न’ सम्मान से नवाजे गए।दो वर्षों की सक्रिय संसदीय भूमिका को मिली राष्ट्रीय पहचान, विकास और जनहित के मुद्दों पर निरंतर उठाई आवाज।
पालघर: संसद में आदिवासी मुद्दों की मजबूत आवाज बने डॉ. हेमंत सवरा, ‘संसदरत्न’ सम्मान से नवाजे गए।
दो वर्षों की सक्रिय संसदीय भूमिका को मिली राष्ट्रीय पहचान, विकास और जनहित के मुद्दों पर निरंतर उठाई आवाज।
अखिलेश चौबे
पालघर। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का मूल्यांकन केवल चुनावी जीत तक सीमित नहीं होता, बल्कि संसद में उनकी सक्रियता, जनहित के मुद्दों की प्रभावी प्रस्तुति और अपने क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर भी किया जाता है। इसी कसौटी पर खरे उतरते हुए पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद Dr. Hemant Vishnu Savara को ‘संसदरत्न’ पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
डॉ. हेमंत सवरा, जो चिकित्सा क्षेत्र से राजनीति में आए हैं, ने संसद में प्रवेश के बाद स्वास्थ्य, आदिवासी विकास, शिक्षा, आधारभूत संरचना, जलसंधारण और ग्रामीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार अपनी भूमिका रखी है। पालघर जैसे आदिवासी बहुल और विकास की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाने में उनकी सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
संसद में चर्चाओं में भागीदारी, प्रश्नकाल के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करना और विभिन्न मंत्रालयों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देना—इन सभी पहलुओं ने उन्हें एक सक्रिय और प्रभावी सांसद के रूप में स्थापित किया है।
‘संसदरत्न’ पुरस्कार संसदीय कार्यक्षमता के आधार पर दिया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है, जिसमें सांसद की उपस्थिति, बहसों में भागीदारी, पूछे गए प्रश्न, निजी विधेयक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतरता का मूल्यांकन किया जाता है। महाराष्ट्र के अन्य सांसदों के साथ डॉ. सवरा का चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पालघर और व्यापक आदिवासी क्षेत्र के प्रतिनिधित्व को मिली राष्ट्रीय मान्यता भी है।
पालघर जिला भौगोलिक रूप से सागरी, डोंगरी और शहरी क्षेत्रों में विभाजित है। इन सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए डॉ. सवरा ने प्रयास किए हैं। उन्होंने रेल परियोजनाओं सहित विभिन्न आधारभूत विकास कार्यों के लिए संबंधित मंत्रियों से मुलाकात की, पत्राचार किया और लोकसभा में शून्यकाल के दौरान मुद्दे उठाए।
विशेष रूप से आदिवासी समाज के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और वनाधिकार जैसे मुद्दे अक्सर राष्ट्रीय चर्चा में पीछे रह जाते हैं। ऐसे में डॉ. सवरा ने इन विषयों को लगातार संसद में उठाकर उन्हें केंद्र में लाने का प्रयास किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सक्रिय, अध्ययनशील और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध जनप्रतिनिधि ही लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। डॉ. हेमंत सवरा की संसदीय कार्यशैली इसी दिशा में एक उदाहरण मानी जा रही है।
हालांकि ‘संसदरत्न’ सम्मान उनके कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है, लेकिन इसकी वास्तविक सार्थकता तभी सिद्ध होगी जब आने वाले समय में पालघर और आदिवासी क्षेत्रों के विकास में ठोस परिणाम दिखाई देंगे। संसद में उठाई गई आवाज और जमीनी स्तर पर विकास कार्यों का प्रभाव ही इस सम्मान की असली कसौटी साबित होगा।
Comments
Post a Comment