पालघर: ज्ञान और नवाचार से युवा प्रतिभाओं को मिलेगी नई दिशा, बोईसर में रोटरी क्लब ने आयोजित की प्रेरणादायी कार्यशाला।
पालघर: ज्ञान और नवाचार से युवा प्रतिभाओं को मिलेगी नई दिशा, बोईसर में रोटरी क्लब ने आयोजित की प्रेरणादायी कार्यशाला।
अखिलेश चौबे
पालघर। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के तत्वावधान में बोईसर स्थित यू. एस. ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी में गुरुवार को “ज्ञान और नवाचार के द्वारा युवा प्रतिभाओं का सशक्तिकरण” विषय पर प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यालय के लगभग २५० विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता रोटरी क्लब ऑफ पालघर के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन निनाद सावे ने विद्यार्थियों को ज्ञान, नवाचार, रचनात्मक सोच तथा आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अपने कौशल का विकास करने तथा नई सोच और नवाचार को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। निनाद सावे ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं प्रेरणादायी ढंग से समाधान करते हुए उन्हें ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनप्रीत सोहेल द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल पुस्तकीय ज्ञान विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच तथा तकनीकी दक्षता का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास के लिए रोटरी क्लब द्वारा आयोजित इस प्रकार की उपयोगी कार्यशालाओं की सराहना करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य, फर्स्ट लेडी अर्चना वैश्य, तत्कालीन अध्यक्ष राम नारायण गोयल, क्लब सचिव रेखेश जैन तथा इंटरैक्ट समन्वयक रोटेरियन अलका जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला के सफल आयोजन में विद्यालय की इंटरैक्ट क्लब समन्वयक श्रीमती श्रद्धा सन्खे एवं रोटेरियन अलका जैन का विशेष योगदान रहा। दोनों ने विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ कार्यक्रम के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में क्लब सचिव रेखेश जैन ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यशालाओं का नियमित आयोजन जारी रखने का विश्वास व्यक्त किया।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ नवाचार, रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और निरंतर सीखने की भावना को अपनाने का संदेश दिया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों को बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने तथा अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
Comments
Post a Comment