पालघर: 25 वर्षों से भजन-कीर्तन के माध्यम से समाज जागरूकता का संदेश दे रहा संत तुकाराम महाराज वारकरी भजन मंडल।
पालघर: 25 वर्षों से भजन-कीर्तन के माध्यम से समाज जागरूकता का संदेश दे रहा संत तुकाराम महाराज वारकरी भजन मंडल।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर स्थित संत तुकाराम महाराज वारकरी भजन मंडल पिछले करीब 25 वर्षों से भजन, प्रवचन, कीर्तन और भारुड के माध्यम से समाज प्रबोधन एवं जनजागृति का सराहनीय कार्य कर रहा है। मंडल के कलाकार धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
मंडल द्वारा महिला भ्रूण हत्या, व्यसनमुक्ति, अंधश्रद्धा निर्मूलन, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर नियमित रूप से जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अपनी कला और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से कलाकार समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शनिवार, 24 मई 2026 को बोईसर के दत्तवाड़ी स्थित दत्त मंदिर में भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के धार्मिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में धार्मिक ग्रंथों का वाचन, जप, प्रवचन और भजन-कीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया गया।
मंडल के प्रमुख कलाकारों में ह.भ.प. मोहन रामचंद्र सिनलकर, गोविंद शेषराव कातकडे, महादू लोटन बेंद्रे, सुभाष, पांडुरंग महाराज हावले, शिवाजी आनंद लोहार, लक्ष्मण महाराज सुतार, राजेंद्र महाराज शेवाले, राजेंद्र महाजन, एकनाथ धांडे, सुरेखाताई मोहन सिनलकर तथा सौ. कौशल्या सुतार सहित अन्य कलाकार शामिल हैं, जो पालघर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में समाज जागरण का कार्य कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मंडल के इस सामाजिक एवं धार्मिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में संस्कार, जागरूकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Comments
Post a Comment