पालघर: मछुआरों के लिए अहम चेतावनी: 1 जून से समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई।
पालघर: मछुआरों के लिए अहम चेतावनी: 1 जून से समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई।
अखिलेश चौबे
पालघर। ठाणे और पालघर जिलों के मछुआरों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। समुद्र में मछलियों के संरक्षण तथा वर्षा ऋतु के दौरान उत्पन्न होने वाली खतरनाक समुद्री परिस्थितियों से मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 1 जून से 31 जुलाई 2026 तक समुद्र में मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है।
इस संबंध में ठाणे-पालघर जिले के मत्स्य व्यवसाय सहायक आयुक्त (तकनीकी) दिनेश पाटील ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अवधि समुद्री मछलियों के प्रजनन का समय होता है। इस दौरान मछली पकड़ने पर रोक लगाने से समुद्र में मछलियों की संख्या बढ़ाने और उनके प्राकृतिक विकास को प्रोत्साहन मिलता है।
मत्स्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध सभी प्रकार की यांत्रिक एवं इंजन चालित नौकाओं पर लागू रहेगा। हालांकि पारंपरिक पद्धति से मछली पकड़ने वाली गैर-यांत्रिक नौकाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। वर्तमान में समुद्र में मौजूद सभी यांत्रिक नौकाओं को 31 मई 2026 से पहले अपने-अपने बंदरगाहों पर वापस लौटना अनिवार्य किया गया है।
स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 1 जून या उसके बाद किसी भी परिस्थिति में बंदरगाहों पर मछली उतारने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, राज्य के समुद्री तट से 12 समुद्री मील की सीमा के बाहर गहरे समुद्र में जाने वाली नौकाओं पर केंद्र सरकार की नीतियां और दिशा-निर्देश लागू रहेंगे।
प्रशासन ने सभी मछुआरा सहकारी संस्थाओं से अपील की है कि वे इन नियमों का कड़ाई से पालन करें। यदि प्रतिबंध अवधि के दौरान कोई भी यांत्रिक नौका अवैध रूप से मछली पकड़ते हुए पाई जाती है, तो महाराष्ट्र समुद्री मत्स्य पालन विनियमन अधिनियम के तहत संबंधित नौका, उसके उपकरण और पकड़ी गई मछलियों को जब्त कर लिया जाएगा तथा संबंधित मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध अवधि में यदि कोई नौका समुद्र में जाकर दुर्घटनाग्रस्त होती है, तो उसे किसी प्रकार की आर्थिक सहायता या मुआवजा प्रदान नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी नौका मालिकों और मछुआरों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Comments
Post a Comment