पालघर: जिले में ‘मुख्यमंत्री बळीराजा शेत-पाणंद सड़क योजना’ को गति, खेतों तक आसान होगी पहुंच।
पालघर: जिले में ‘मुख्यमंत्री बळीराजा शेत-पाणंद सड़क योजना’ को गति, खेतों तक आसान होगी पहुंच।
अखिलेश चौबे
पालघर। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के समग्र विकास को गति देने तथा खेतों से कृषि उत्पादों की सुगम ढुलाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री बळीराजा शेत/पाणंद सड़क योजना के क्रियान्वयन को पालघर जिले में तेज गति मिल रही है। इस योजना के तहत बारहमासी खेत मार्गों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण कर किसानों के लिए खेत तक पहुंच आसान बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे यंत्रीकरण के कारण ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य आधुनिक कृषि मशीनों का उपयोग व्यापक स्तर पर होने लगा है। ऐसे में खेतों तक मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सड़कों का होना अत्यंत आवश्यक हो गया है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 14 दिसंबर 2025 को जारी शासन निर्णय के माध्यम से राजस्व विभाग के जरिए इस स्वतंत्र योजना को लागू करने के निर्देश दिए थे।
पालघर जिले में इस योजना के क्रियान्वयन, समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को सौंपी गई है। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए राज्य स्तर, जिला स्तर और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। ये समितियां विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने के साथ-साथ कार्यों की जिम्मेदारियां तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
वर्ष 2025-26 के लिए योजना के अंतर्गत आवश्यक मशीनरी और पाइप सामग्री की आपूर्ति के लिए पंजीकृत एजेंसियों से विधानसभा क्षेत्रवार दरपत्रक आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए “mahatenders.gov.in” पोर्टल पर निविदा प्रकाशित की गई है और संबंधित संस्थाओं से अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की गई है।
योजना के अंतर्गत बनाए जाने वाले खेत मार्गों की गुणवत्ता की कड़ी निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही इन सड़कों के दोनों ओर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत वृक्षारोपण भी किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड ने कहा कि मुख्यमंत्री बळीराजा शेत-पाणंद सड़क योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक किसानों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि खेतों तक बेहतर सड़क संपर्क स्थापित हो सके
Comments
Post a Comment