पालघर: डहाणू फेस्टिवल से पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार – परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक।
पालघर: डहाणू फेस्टिवल से पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार – परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक।
अखिलेश चौबे
पालघर। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण डहाणू क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और डहाणू फेस्टिवल के माध्यम से इस क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी। यह विश्वास महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने व्यक्त किया।
डहाणू के रमणीय वातावरण में आयोजित फेस्टिवल का उद्घाटन परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक रविंद्र फाटक, विधायक राजेंद्र गावीत, विधायक विनोद निकोले, विधायक विलास तरे, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, डहाणू नगर परिषद के नगराध्यक्ष राजेंद्र माच्छी, पालघर नगर परिषद के नगराध्यक्ष उत्तम घरत, सहायक जिलाधिकारी तथा डहाणू परियोजना अधिकारी विशाल खत्री, पूर्व विधायक सर्वश्री सुनील भुसारा, अमित घोडा, श्रीनिवास वनगा, मनीषा निमकर, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्या वैदेही वाढाण, डहाणू नगर परिषद के मुख्य अधिकारी अक्षय गुडदे, निलेश सांबरे, कुंदन संखे, आनंदभाई ठाकूर, जगदीश धोडी, मिलिंद पाटील, सुनील कोळी, पल्लवी सस्ते, भूपेन बारी, दीपेश बारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि पहले डहाणू के लिए 10 बसों का प्रस्ताव था, जिसे अब बढ़ाकर 25 बसें कर दिया गया है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के हाथों ‘राजमाता जिजाऊ’ नामक नई बस का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही अगले छह महीनों में राज्य परिवहन सेवा में 3,000 नई बसें शामिल की जाएंगी, जिनमें से कुछ बसें डहाणू क्षेत्र को भी प्रदान की जाएंगी।
पर्यटन विकास को लेकर सकारात्मक संकेत देते हुए मंत्री सरनाईक ने कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से डहाणू के लिए 4 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर विचार चल रहा है। इसके अतिरिक्त अन्य पर्यटन परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
डहाणू फेस्टिवल के सफल आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ठाणे और मीरा-भाईंदर में लंबे समय से फेस्टिवल आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन डहाणू का यह आयोजन अधिक प्रेरणादायक है। राज्य सरकार के माध्यम से जिले के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Comments
Post a Comment