पालघर: तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का सफल आयोजन।550 से अधिक विद्यार्थियों सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने लिया भाग।
पालघर: तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का सफल आयोजन।
550 से अधिक विद्यार्थियों सहित सैकड़ों प्रतिभागियों ने लिया भाग।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में तारापुर इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (टीमा), डायरेक्टरेट ऑफ इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ (डिश) तथा म्युचुअल एड रिस्पॉन्स ग्रुप (मार्ग) के संयुक्त तत्वावधान में 4 मार्च से 10 मार्च 2026 तक राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस एवं सुरक्षा सप्ताह बड़े उत्साह और सक्रिय सहभागिता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 4 मार्च को एमआईडीसी तारापुर स्थित टीमा हॉल में आयोजित उद्घाटन समारोह से हुआ। इस अवसर पर डिश पालघर के सहसंचालक माधव तोटेवाड, टीमा के अध्यक्ष डी. के. राऊत तथा सलाहकार वेलजीभाई गोगरी उपस्थित रहे। सभी ने औद्योगिक सुरक्षा के महत्व पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति को अपनाने पर जोर दिया।
5 मार्च को डॉ. पराग कुलकर्णी ने फैक्ट्रियों में परमिट सिस्टम के अंतर्गत कार्य करते समय होने वाले संभावित व्यावसायिक रोगों पर विस्तृत मार्गदर्शन किया। साथ ही आंबेट्रॉनिक्स सिस्टम्स द्वारा गैस डिटेक्शन सिस्टम विषय पर तकनीकी जानकारी साझा की गई।
6 मार्च को एमआईडीसी के कारखानों के लिए फायर फाइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तारापुर उद्योग क्षेत्र के अग्निशमन केंद्र अधिकारी वैभव तांडेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न उद्योगों से 200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
7 मार्च को सेफ्टी ग्रुप क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 21 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सुरक्षा संबंधी ज्ञान का प्रदर्शन किया।
8 मार्च को औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न शालाओं के विद्यार्थियों के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में लगभग 550 से 600 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस आयोजन में कोकूयो कैमलिन लिमिटेड एवं जेएसडब्ल्यू स्टील कोटेड प्रोडक्ट्स लिमिटेड का विशेष सहयोग रहा।
9 मार्च को नागरिक सुरक्षा दल, पालघर के उपनियंत्रक कुरकुटे ने ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’ विषय पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। साथ ही रत्ना इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा सेफ्टी इंस्ट्रूमेंटेशन सिस्टम पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
10 मार्च को सेफ्टी स्किट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कारखानों की 9 टीमों ने भाग लेते हुए औद्योगिक सुरक्षा के विषय पर प्रभावी नाट्य प्रस्तुतियां दीं।
सुरक्षा सप्ताह का समापन 18 मार्च को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, पालघर जिला के सहसंचालक माधव तोटेवाड ने रासायनिक कारखानों में दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित मॉक ड्रिल, निरीक्षण, HAZOP अध्ययन, रिस्क असेसमेंट, विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण, इन्वेंटरी नियंत्रण तथा विशेष अभियानों जैसे उपायों को अपनाने पर बल दिया।
टीमा के अध्यक्ष डी. के. राऊत ने सभी औद्योगिक इकाइयों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया तथा तारापुर औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षित और सकारात्मक छवि निर्माण हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। टीमा के सलाहकार वेलजीभाई गोगरी एवं आरती ड्रग्स लिमिटेड के साइट हेड नरेंद्र पचौरी ने भी औद्योगिक सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उपस्थित मान्यवरों के हाथों पुरस्कृत किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में एमआईडीसी की 22 कंपनियों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जिनका सम्मान भी किया गया।
इस पूरे आयोजन की सफलता में डिश पालघर के उपसंचालक अमोल बाईट, हिम्मतराव शिंदे, सहायक संचालक श्रीनिवास सब्बन, टीमा-मार्ग के चेयरमैन रवी भावसार, कन्वेनर अरुण सावंत, लुपिन लिमिटेड के शशिन पाटील, गिनी सिल्क मिल्स लिमिटेड के महाप्रबंधक नीरज पुरोहित, कोकूयो कैमलिन लिमिटेड के महाप्रबंधक (एचआर) अजीत राणे, आरती ड्रग्स लिमिटेड के श्री शेख, आरती फार्मालैब लिमिटेड के संदीप पाटील एवं पंकज गौतम का विशेष योगदान रहा।
इस सुरक्षा सप्ताह के माध्यम से औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई, जिससे भविष्य में सुरक्षित औद्योगिक वातावरण के निर्माण को बल मिलेगा।
Comments
Post a Comment