पालघर: जिले में भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस का शांतिपूर्ण आंदोलन, किसानों-मजदूरों के मुद्दों पर उठी आवाज।
पालघर: जिले में भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस का शांतिपूर्ण आंदोलन, किसानों-मजदूरों के मुद्दों पर उठी आवाज।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सकपाल के निर्देशानुसार देश के विभिन्न दस श्रमिक एवं किसान संगठनों द्वारा गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को “भारत बंद” का आह्वान किया गया। बंद का मुख्य कारण भारत सरकार द्वारा अमेरिकी कृषि उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लागू किए जाने तथा अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के निर्णय को बताया गया, जिससे भारतीय किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने का आरोप लगाया गया। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए मजदूर विरोधी कानूनों के विरोध में भी यह बंद आयोजित किया गया। कांग्रेस पार्टी ने इस राष्ट्रव्यापी बंद को पूर्ण समर्थन प्रदान किया।
इसी क्रम में पालघर में भारत बंद के समर्थन में पालघर तालुका कांग्रेस द्वारा शांतिपूर्ण आंदोलन आयोजित किया गया। यह आंदोलन पालघर तालुका कांग्रेस के प्रभारी अध्यक्ष सिकंदर शेख के नेतृत्व में संपन्न हुआ। गुरुवार को प्रातः लगभग 11:30 बजे कांग्रेस भवन के समीप जिला, तालुका तथा शहर स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और बंद आंदोलन में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता अविश राऊत ने किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी के निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव किसानों और श्रमिकों के अधिकारों की पक्षधर रही है और भविष्य में भी उनके हितों के लिए आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर पालघर तालुका कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिकंदर शेख ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी व्यापार समझौता यदि देश के किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर करता है अथवा कोई कानून मजदूरों के हितों के विरुद्ध होता है, तो कांग्रेस पार्टी उसका पूर्ण शक्ति के साथ विरोध करेगी। उन्होंने आंदोलन में सहभागी सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी रामप्रकाश निराला, नरोत्तम पाटिल, शहर अध्यक्ष मनोहर दांडेकर, अशद चुनावाला, किरण अप्पा पाटिल, रसिक भानुशाली, संदीप मेने, नईम चौधरी, चिराग देसाई, छाया मोरे, दीपक पाटिल तथा सुनील इंगोले सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment