पालघर: वानगाँव में गौ-रक्षक सम्मान समारोह, गौसेवा को सशक्त बनाने के लिए बनी वृहद कार्य योजना।
पालघर: वानगाँव में गौ-रक्षक सम्मान समारोह, गौसेवा को सशक्त बनाने के लिए बनी वृहद कार्य योजना।
अखिलेश चौबे
पालघर। गौसेवा और गौ-संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व को नई दिशा देने के उद्देश्य से पालघर जिले के वानगाँव में सामाजिक संस्था रामराज ग्रुप एवं हिंदू जनजागृति संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गौ-रक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौसेवा को अधिक संगठित, प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए एक वृहद कार्य योजना तैयार की गई।
समारोह में गौसेवा और गौ-संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह के मुख्यातिथि, सामाजिक संस्था रामराज ग्रुप के प्रमुख ट्रस्टी एवं कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव कैप्टन सत्यम ठाकुर के करकमलों से संपन्न हुआ।
◾गौरक्षा सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी — कैप्टन सत्यम ठाकुर :- अपने संबोधन में कैप्टन सत्यम ठाकुर ने गौसेवा के लिए समर्पित युवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि गौरक्षा केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि समाज और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल एवं बीमार गौवंश के उपचार के लिए रामराज ग्रुप के सहयोग से हिंदू जनजागृति संस्था को उपलब्ध कराई गई गौ-एंबुलेंस जमीनी स्तर पर गौरक्षकों के सेवा कार्य में निरंतर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि रामराज ग्रुप भविष्य में भी गौरक्षकों के सहयोग में सदैव खड़ा रहेगा।
समारोह के दौरान गौसेवकों की ओर से रामराज ग्रुप के ट्रस्टी कैप्टन सत्यम ठाकुर का करतल ध्वनि के बीच ‘गौ-सेवा विशेष सम्मान’ प्रदान कर आभार व्यक्त किया गया।
◾वानगाँव क्षेत्र में बनेगी बड़ी गौशाला — आकांक्षा ठाकुर:- रामराज ग्रुप की समाजसेविका आकांक्षा ठाकुर ने अपने संबोधन में गौसेवा को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जिले में गौसेवा को सुव्यवस्थित और प्रभावी स्वरूप प्रदान करने के साथ-साथ संगठित प्रयासों के माध्यम से वानगाँव जैसे क्षेत्र में शीघ्र ही एक बड़ी गौशाला की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस गौशाला में निराश्रित, घायल एवं बीमार गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा तथा यह गौ-संरक्षण, संवर्धन और जन-जागरूकता का प्रमुख केंद्र भी बनेगा।
◾गौसेवा सामूहिक जिम्मेदारी — तुलसी आर. छीपा:- हिंदू जनजागृति संस्था की राष्ट्रीय संगठन मंत्री तुलसी आर. छीपा ने अपने संबोधन में कहा कि गौसेवा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और जब प्रशासन, समाज, संगठन एवं जनप्रतिनिधि एक साथ आएंगे, तभी गौरक्षा जैसे संवेदनशील कार्य में स्थायी सफलता प्राप्त होगी। संसाधन और सुविधाएं बढ़ने से गौसेवा का कार्य और अधिक व्यापक व प्रभावशाली होगा।
इस अवसर पर हिंदू जनजागृति संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण व्यास, कोषाध्यक्ष हिम्मत जैन, जिलाध्यक्ष अशोक राजपूत, महिला विंग की जिलाध्यक्षा फाल्गुनी पिंपले, साथ ही उमाशंकर वशिष्ठ, विकास गुप्ता, संजय यादव सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment