पालघर: राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर महाशक्ति मित्र मंडल का भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन।
पालघर: राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर महाशक्ति मित्र मंडल का भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर स्थित यशवंत सृष्टि परिसर में राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के पावन अवसर पर महाशक्ति मित्र मंडल द्वारा भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत यशवंत सृष्टि स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के सौंदर्यीकरण से की गई। महाशक्ति मित्र मंडल के सदस्यों ने चौक की साफ-सफाई, रंग-रोगन, पेंटिंग तथा सजावट कर उसे आकर्षक रूप प्रदान किया। चौक को सजाकर छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति सम्मान प्रकट किया गया, जिससे वहां आने-जाने वाले नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इसके पश्चात उसी छत्रपति शिवाजी महाराज चौक से विशाल मोटरसाइकिल रैली का शुभारंभ किया गया। रैली यशवंत सृष्टि से प्रारंभ होकर बोईसर के प्रमुख मार्गों से होती हुई आजाद नगर में जाकर संपन्न हुई। रैली के दौरान युवाओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, धर्म, संस्कार और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
रैली के समापन के बाद आजाद नगर स्थित हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूजा-अर्चना के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
इस संपूर्ण आयोजन में महाशक्ति मित्र मंडल के सदस्य उज्ज्वल मिश्रा, आयुष पंडित, चिराग सिंह, श्याम सिंह, पवन प्रजापति, सुभाष तिवारी, सनी यादव तथा अथर्व चव्हाण ने विशेष भूमिका निभाई। सभी सदस्यों ने मिलकर कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं और आयोजन को सफल बनाया।
महाशक्ति मित्र मंडल के उज्ज्वल मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा की वर्षगांठ केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और सनातन संस्कारों को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करते हैं, और भविष्य में भी मंडल द्वारा इसी प्रकार के धार्मिक व सामाजिक कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।
स्थानीय नागरिकों ने महाशक्ति मित्र मंडल के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में धार्मिक जागरूकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment