पालघर: जिले में गौतस्करी का ‘इंजेक्शन फॉर्मूला’ फिर लौटा, एक गाय की मौत।"सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, विहिप-बजरंग दल ने चेताताया — सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता"
पालघर: जिले में गौतस्करी का ‘इंजेक्शन फॉर्मूला’ फिर लौटा, एक गाय की मौत।
"सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, विहिप-बजरंग दल ने चेताताया — सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगे कार्यकर्ता"
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में एक बार फिर गौतस्करी का पुराना और खतरनाक तरीका लौट आया है। तस्कर अब गायों को पकड़ने के लिए नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर रहे हैं। इस कृत्य से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना प्रशांत होटल के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात गौ तस्कर देर रात मौके पर पहुंचे और गायों को नशीला पदार्थ इंजेक्शन के ज़रिए दिया, जिससे वे कुछ ही मिनटों में जमीन पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए।
गांव के लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गौतस्करी और गौमांस की बरामदगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। संगठन के पालघर जिला संयोजक मुकेश दुबे ने कहा —
> “सरकार ने भले ही गाय को ‘राजमाता’ का दर्जा दिया हो, लेकिन ज़मीनी स्तर पर तस्कर खुलेआम अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने होंगे, वरना हम सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।”
मुकेश दुबे ने यह भी कहा कि पुलिस और प्रशासन अगर समय रहते कार्रवाई नहीं करते, तो यह नेटवर्क और फैल सकता है। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे तस्करों की पहचान कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए और इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि गौतस्करी की घटनाओं पर कड़ा नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आगे ऐसी शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Comments
Post a Comment