पालघर: जिले के बोईसर के संजय नगर में रसायनों से लदे ट्रक में भीषण आग, अब तक नहीं पाया गया नियंत्रण..! "दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर मौजूद, इलाके में भगदड़, प्रशासन सतर्क"
पालघर: जिले के बोईसर के संजय नगर में रसायनों से लदे ट्रक में भीषण आग, अब तक नहीं पाया गया नियंत्रण..!
"दमकल की कई गाड़ियाँ मौके पर मौजूद, इलाके में भगदड़, प्रशासन सतर्क"
अखिलेश चौबे
पालघर..! जिले के बोईसर शहर स्थित संजय नगर में इस वक्त भीषण आग लगी हुई है। राम मंदिर के ठीक बगल में खड़े एक ट्रक में अचानक आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि ट्रक में खतरनाक रसायन (केमिकल) लदे हुए हैं। आग लगातार विकराल रूप लेती जा रही है और इस पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है।
दमकल विभाग की तीन गाड़ियाँ मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का हरसंभव प्रयास कर रही हैं, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि रुक-रुक कर विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। घटनास्थल से धुएं का घना गुबार उठ रहा है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया है।
पुलिस प्रशासन भी तत्काल मौके पर पहुंचा है और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर खाली कराया जा रहा है। रिहायशी इलाका होने के कारण लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं। स्थानीय निवासियों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रक किस कंपनी का है और इसमें कौन-कौन से रसायन लदे हैं। इससे यह आशंका और अधिक गहरी हो गई है कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया, तो यह आग और बड़ा हादसा बन सकती है।
स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के प्रति नाराज़गी साफ़ देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार अवैध रूप से खतरनाक रसायनों से भरे ट्रक को कैसे खड़ा होने दिया गया। यह न सिर्फ गंभीर लापरवाही है, बल्कि सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी भी है। संकरी गलियों और घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह का ज्वलनशील मालवाहक वाहन खड़ा करना किसी भी समय बड़े जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी और अनुमति प्रणाली पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है, और यदि समय रहते कोई कठोर कदम नहीं उठाया गया, तो भविष्य में ऐसे हादसे और भी भयावह रूप ले सकते हैं।
फिलहाल इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने अथवा जान-माल की हानि की कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन धुएं और रसायन की तीव्रता के कारण घटनास्थल की सटीक स्थिति का आकलन कर पाना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। जब तक आग पर पूर्ण नियंत्रण नहीं पाया जाता, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगा। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल के आसपास ना जाएं और शांति बनाए रखें। मौके पर राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
Comments
Post a Comment