पालघर: कुणाल कामरा के खिलाफ शिवसेना का पालघर में जोरदार प्रदर्शन..!
पालघर: कुणाल कामरा के खिलाफ शिवसेना का पालघर में जोरदार प्रदर्शन..!
अखिलेश चौबे
पालघर..! महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करने के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ राज्यभर में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में, पालघर शहर में भी शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से शिवाजी चौक पर जबरदस्त प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कुणाल कामरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पोस्टर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन का नेतृत्व शिवसेना के पालघर जिला प्रमुख कुंदन संखे ने किया। प्रदर्शन के पश्चात, शिवसेना के एक प्रतिनिधिमंडल ने पालघर के पुलिस निरीक्षक अनंत पराड से मुलाकात की और कुणाल कामरा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
इस विरोध प्रदर्शन में शिवसेना के सहसंपर्क प्रमुख केदार काळे, पूर्व विधायक मनीषा निमकर, शहर प्रमुख राहुल घरत, युवा सेना जिलाध्यक्ष कुणाल पाटील, साईराज पाटील सहित बड़ी संख्या में युवा सेना, महिला सेना के पदाधिकारी और शिवसैनिक मौजूद थे।
शिवसेना कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की है, जिससे महाराष्ट्र की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी कारण उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
पालघर में हुए इस प्रदर्शन के साथ-साथ राज्य के अन्य हिस्सों में भी शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा इसी तरह के प्रदर्शन किए जा रहे हैं। शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि कुणाल कामरा के खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो उनका विरोध और तेज किया जाएगा।
Comments
Post a Comment