पालघर: जिले में भूकंप सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ का जनजागरूकता अभियान।
पालघर: जिले में भूकंप सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ का जनजागरूकता अभियान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में हाल के दिनों में भूकंप के हल्के झटके दर्ज होने की पृष्ठभूमि में नागरिकों में भूकंप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), आरआरसी पालघर की ओर से जव्हार और विक्रमगढ़ तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में भूकंप जनजागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के अंतर्गत जव्हार तहसील के डेंगाचीमेट और हाड़े तथा विक्रमगढ़ तहसील की शासकीय आश्रमशाला कन्हेरे एवं जव्हार स्थित भारतीय विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षा उपायों तथा आपदा से पहले की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ के दल ने भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली ‘ड्रॉप, कवर एंड होल्ड ऑन’ तकनीक का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। नागरिकों को बताया गया कि भूकंप का झटका महसूस होने पर घबराने के बजाय मजबूत मेज या फर्नीचर के नीचे सुरक्षित आश्रय लेना चाहिए। इस दौरान सिर को सुरक्षित रखना और मेज या फर्नीचर को मजबूती से पकड़े रहना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में भूकंप के बाद सुरक्षित स्थान पर जाने, अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। आपदा के समय घबराहट के बजाय संयम और सही जानकारी के आधार पर कार्य करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामस्थों और स्थानीय नागरिकों ने उत्स्फूर्त सहभागिता दर्ज कराई। जिले में भूकंपीय गतिविधियों की पृष्ठभूमि में नागरिकों की आपदा तैयारी और सुरक्षा संबंधी जानकारी बढ़ाने के लिए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया गया।
जिला प्रशासन तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पालघर के समन्वय से आयोजित इस अभियान के माध्यम से जव्हार और विक्रमगढ़ क्षेत्र के नागरिकों को भूकंप के दौरान स्वयं तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी मिली।
Comments
Post a Comment