पालघर: स्वतंत्रता दिवस पर रोटरी क्लब बोईसर-तारापुर की अंतरविद्यालयीन नृत्य प्रतियोगिता।देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, आदर्श विद्यालय रहा प्रथम।
पालघर: स्वतंत्रता दिवस पर रोटरी क्लब बोईसर-तारापुर की अंतरविद्यालयीन नृत्य प्रतियोगिता।
देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां, आदर्श विद्यालय रहा प्रथम।
अखिलेश चौबे
पालघर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब बोईसर-तारापुर की ओर से पश्चिम बोईसर स्थित टीमा सभागार में अंतरविद्यालयीन नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की जोशीली प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।
रोटरी क्लब बोईसर-तारापुर के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रवीण वैश्य के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में परियोजना निदेशक एवं पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन वैशाली शिंदे तथा समन्वयक रोटेरियन सुमन मित्तल और अलका जैन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. लीना वर्तक का क्लब अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
अंतरविद्यालयीन नृत्य प्रतियोगिता में बोईसर-तारापुर क्षेत्र के सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की धुन पर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए तिरंगे की आन, बान और शान तथा राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुति, नृत्य कौशल, तालमेल और देशभक्ति की भावना ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया। अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आदर्शा विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीटीईएस विद्यालय ने द्वितीय तथा मुंबई पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की भी सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन संदीप राऊत तथा वर्ष 2027-28 के लिए मनोनीत अध्यक्ष रोटेरियन अलका जैन ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश की स्वतंत्रता के लिए स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा किए गए बलिदानों तथा राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा के विकास के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रोटेरियन रत्ना सिंह, रोटेरियन स्मिता जाधव तथा रोटेरियन भाविका विकास पाटिल ने किया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में रोटेरियन सदस्य अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। इसके अलावा गणमान्य नागरिक, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और अभिभावक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर रोटेरियन रमेश पंडा तथा क्लब सचिव रोटेरियन रेखेश जैन ने सभी अतिथियों, विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और रोटेरियन सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोटरी क्लब बोईसर-तारापुर की ओर से भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
Comments
Post a Comment