पालघर: रक्षाबंधन पर विद्या राजपूत और पुष्पा तिवारी ने दिया भाईचारे और सुरक्षा का संदेश।बोईसर रेलवे स्टेशन पर रिक्शा चालकों, स्टेशन मास्टर एवं कर्मचारियों को बांधी राखी।
पालघर: रक्षाबंधन पर विद्या राजपूत और पुष्पा तिवारी ने दिया भाईचारे और सुरक्षा का संदेश।
बोईसर रेलवे स्टेशन पर रिक्शा चालकों, स्टेशन मास्टर एवं कर्मचारियों को बांधी राखी।
पालघर। जिले के औद्योगिक शहर बोईसर रेलवे स्टेशन परिसर में २९ अगस्त २०२६ को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह, आत्मीयता और भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष विद्या राजपूत तथा अनुश्री फाउंडेशन की सचिव पुष्पा तिवारी ने संयुक्त रूप से रेलवे स्टेशन पर कार्यरत रिक्शा चालकों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही स्टेशन मास्टर सहित रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों की कलाई पर भी राखी बांधी गई और सभी को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा की गईं।
रक्षाबंधन के इस आयोजन का उद्देश्य केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का संदेश भी दिया गया। इस दौरान उपस्थित रिक्शा चालकों ने बहनों की सुरक्षा और सहायता का संकल्प लेते हुए कहा कि वे किसी भी बहन को अकेला नहीं छोड़ेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। रिक्शा चालकों के इस संकल्प से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन का वातावरण भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक एकता की भावना से सराबोर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में रिक्शा चालक इस आयोजन में शामिल हुए। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। राखी बांधने के साथ मिठाई का वितरण किया गया और सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रिया पाटील, ज्ञानमती निषाद, प्रीति मिश्रा, पुष्पा, जयप्रकाश शर्मा तथा महतो सहित अनेक महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की और रक्षाबंधन के माध्यम से आपसी प्रेम, विश्वास, सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शामिल लोगों का कहना था कि रक्षाबंधन केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी, सम्मान, विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। बोईसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित यह आयोजन इसी सामाजिक भावना का उदाहरण बना और उपस्थित सभी लोगों के लिए यादगार रहा।
Comments
Post a Comment