पालघर: जिले में १५ अगस्त की ग्रामसभा में आवास योजना सहित विभिन्न विकास विषयों पर होगी चर्चा।

पालघर: जिले में १५ अगस्त की ग्रामसभा में आवास योजना सहित विभिन्न विकास विषयों पर होगी चर्चा।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में १५ अगस्त २०२६ को आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं में ग्रामीण आवास योजना सहित विभिन्न विकास संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने महिलाओं सहित सभी ग्रामीणों से बड़ी संख्या में ग्रामसभा में उपस्थित होकर सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया है।
ग्रामसभा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास प्लस २०२४ सर्वेक्षण की स्थायी प्रतीक्षा सूची को अंतिम रूप देने का विषय रखा जाएगा। इसके लिए आवास प्लस २०२४ के अंतर्गत तैयार की गई प्रारूप प्रतीक्षा सूची ग्रामसभा के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। पात्र लाभार्थियों की सूची को लेकर ग्रामीण अपनी आपत्तियां, सुझाव और आवश्यक जानकारी ग्रामसभा के समक्ष रख सकेंगे। प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को निरीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है।
ग्रामसभा में आवास योजना के साथ वीबी-ग्राम जी अभियान, विकसित ग्राम पंचायत योजना, विद्यालय से बाहर रहने वाले बच्चों का विद्यालय में नामांकन तथा विद्यालयों की मूलभूत सुविधाएं, आदिवासी विकास योजनाओं की जानकारी और ‘मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव’ अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा महाराष्ट्र महिला किसान सशक्तीकरण अधिनियम, २०२६ की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए ग्रामसभा में इस अधिनियम का वाचन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके माध्यम से महिला किसानों के सशक्तीकरण तथा उनके लिए उपलब्ध अवसरों और योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी।
ग्रामसभा के माध्यम से गांव में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिकों की समस्याओं पर जनसहभागिता के माध्यम से चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से आवास योजना की प्रतीक्षा सूची में शामिल पात्र लाभार्थियों, महिलाओं और अन्य ग्रामीणों से ग्रामसभा में उपस्थित रहकर अपनी बात रखने का आग्रह किया गया है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने ग्रामीणों से अपील की है कि ग्रामसभा केवल औपचारिक बैठक न रहकर गांव के विकास और नागरिकों की समस्याओं पर निर्णय लेने का प्रभावी माध्यम बने। इसलिए महिलाएं, पात्र आवास लाभार्थी तथा सभी ग्रामस्थ बड़ी संख्या में उपस्थित होकर ग्रामसभा की कार्यवाही में सक्रिय सहभागिता करें।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।