पालघर: जिले के 5,169 किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ, 29.20 करोड़ रुपये का निधि प्राप्त।
पालघर: जिले के 5,169 किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ, 29.20 करोड़ रुपये का निधि प्राप्त।
अखिलेश चौबे
पालघर। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, बेमौसम बारिश, बढ़ती उत्पादन लागत और कृषि उपज के अनिश्चित बाजार भाव से आर्थिक संकट झेल रहे पालघर जिले के किसानों के लिए राहत की खबर है। पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026 के अंतर्गत जिले के 5,169 पात्र किसानों के लिए शासन से 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई है। कर्ज खातों में राशि जमा होने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित किसानों को बकाया-मुक्ति प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
योजना के तहत 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच लिए गए पात्र अल्पावधि फसल ऋण, जो 30 सितंबर 2025 को बकाया थे और 31 मार्च 2026 तक चुकाए नहीं गए, निर्धारित पात्रता के अनुसार कर्जमुक्ति के लिए विचार में लिए जाएंगे। पात्र किसानों को अधिकतम दो लाख रुपये तक कर्जमुक्ति का लाभ मिलेगा।
दो लाख रुपये से अधिक बकाया कर्ज वाले पात्र किसानों के लिए भी एकमुश्त समझौता योजना के माध्यम से राहत का प्रावधान किया गया है। वहीं, नियमित रूप से फसल ऋण चुकाने वाले पात्र किसानों को 50 हजार रुपये तक प्रोत्साहनपरक लाभ देने का निर्णय लिया गया है। योजना में भूमि-धारण की कोई सीमा नहीं रखी गई है।
इस योजना में राष्ट्रीयकृत, निजी, ग्रामीण तथा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंकों के पात्र फसल ऋणों के साथ प्राथमिक कृषि ऋण संस्थाओं द्वारा अपने निधि से दिए गए पात्र ऋणों को भी शामिल किया गया है। योजना की पारदर्शी एवं सटीक अंमलबजावणी के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया और आधार प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।
जिले के 5,169 किसानों के लिए प्राप्त यह राशि केवल कर्ज का बोझ कम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे किसान परिवारों को आगामी फसल के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि आवश्यकताओं में निवेश करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
जिला सूचना अधिकारी राहुल शोभाबाई लक्ष्मणराव भालेराव, पालघर के अनुसार, यह कर्जमुक्ति किसानों को आर्थिक रूप से पुनः सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, किसानों की दीर्घकालीन आर्थिक मजबूती के लिए कर्जमुक्ति के साथ बाजार, सिंचाई, तकनीक, भंडारण और कृषि उपज के उचित मूल्य जैसी सुविधाओं को भी मजबूत करना आवश्यक है।
Comments
Post a Comment