मुंबई: ‘महा वॉकेथॉन-वॉक फॉर वॉटर’ में बड़ी संख्या में शामिल हों : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस।जल संरक्षण दिवस पर मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों से आह्वान, 21 अगस्त को सभी 36 जिलों में होगा आयोजन।
मुंबई: ‘महा वॉकेथॉन-वॉक फॉर वॉटर’ में बड़ी संख्या में शामिल हों : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस।
जल संरक्षण दिवस पर मुख्यमंत्री का प्रदेशवासियों से आह्वान, 21 अगस्त को सभी 36 जिलों में होगा आयोजन।
अखिलेश चौबे
मुंबई। महाराष्ट्र को समृद्ध और हराभरा बनाने के उद्देश्य से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए 21 अगस्त को पूरे राज्य में ‘जल संरक्षण दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश के नागरिकों से बड़ी संख्या में ‘महा वॉकेथॉन-वॉक फॉर वॉटर’ में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर 21 अगस्त को जल संरक्षण दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में सुबह राज्य के सभी 36 जिलों में ‘महा वॉकेथॉन-वॉक फॉर वॉटर’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी नागरिकों से इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
जल संरक्षण का संदेश युवा पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लघु वीडियो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अभियान में शामिल होने के लिए राज्य सरकार के विज्ञापनों तथा सामाजिक माध्यमों पर उपलब्ध आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर नागरिक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जल संरक्षण केवल राज्य सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से चलने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में शामिल होकर जल संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने आह्वान किया, “आइए, एकजुट हों, जलदूत बनकर पानी के लिए चलें और ‘पानी रोकें, पानी जमीन में उतारें’ के मूलमंत्र को साकार करें।”
Comments
Post a Comment