पालघर: मूसलाधार वर्षा के बीच पालघर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, बांधों पालघर जिले में जारी मूसलाधार वर्षा को देखते हुए।
पालघर: मूसलाधार वर्षा के बीच पालघर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, बांधों पालघर जिले में जारी मूसलाधार वर्षा को देखते हुए।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रमुख बांधों, नदियों, बाढ़ संभावित क्षेत्रों तथा लघु सिंचाई परियोजनाओं की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती और बचाव संबंधी व्यवस्थाएं पहले से ही सक्रिय कर दी गई हैं।
23 जुलाई 2026 को सुबह 7 बजे तक प्राप्त जल भंडारण रिपोर्ट के अनुसार धामणी बांध में 93.39 प्रतिशत, कवडास बांध में 44.78 प्रतिशत तथा मध्य वैतरणा बांध में 62.21 प्रतिशत उपयोगी जल भंडारण उपलब्ध है। वहीं तानसा बांध, वांद्री मध्यम परियोजना तथा मोडक सागर बांध पूरी तरह भर चुके हैं। संबंधित सिंचाई विभाग इन बांधों में जलस्तर, जल आवक तथा आवश्यकतानुसार नियंत्रित जल निकासी पर लगातार निगरानी रखे हुए है। फिलहाल जिले में किसी प्रकार की खतरे की स्थिति नहीं है।
लघु सिंचाई परियोजनाओं में भी पर्याप्त जल भंडारण दर्ज किया गया है। मनोर, देवखोप, खांड, मोहखुर्द, वाघ और डोमीहिरा परियोजनाएं पूरी तरह भर चुकी हैं, जबकि माहीम-केलवा में 98.12 प्रतिशत, रायतले में 96.11 प्रतिशत तथा तुलयाचापाड़ा परियोजना में 54.56 प्रतिशत जल भंडारण उपलब्ध है। इन सभी परियोजनाओं की भी नियमित निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें तथा केवल जिला प्रशासन और संबंधित शासकीय विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। उन्होंने लोगों से नदी, नालों और बांधों के जल निकासी क्षेत्रों से दूर रहने, भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।
Comments
Post a Comment