पालघर: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पालघर के तीन बीएलओ ने हासिल की शत-प्रतिशत सफलता, जिला प्रशासन ने किया सम्मानित।

पालघर: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में पालघर के तीन बीएलओ ने हासिल की शत-प्रतिशत सफलता, जिला प्रशासन ने किया सम्मानित।

अखिलेश चौबे 
पालघर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पालघर जिले के तीन मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर प्रगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं डिजिटलीकरण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इन अधिकारियों ने समयबद्ध, सुनियोजित और पारदर्शी तरीके से कार्य पूर्ण कर जिले में नया मानदंड स्थापित किया है। जिला प्रशासन ने इसे स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समावेशी निर्वाचन प्रक्रिया की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
इस अभियान में सबसे पहले मोखाडा तहसील के मतदान केंद्र क्रमांक-61 (चास) के बीएलओ गोपाल काव्हा ने 515 मतदाताओं के प्रगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं डिजिटलीकरण 8 जुलाई 2026 को पूरा कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर विक्रमगढ़ तहसील के मतदान केंद्र क्रमांक-304 (नळशेत) के बीएलओ नितीन निपाणीकर रहे। उन्होंने अपने मतदान केंद्र के 468 मतदाताओं के प्रगणना प्रपत्रों का वितरण एवं डिजिटलीकरण 10 जुलाई 2026 को पूर्ण कर जिले में दूसरी उपलब्धि दर्ज की।
वहीं जव्हार तहसील के मतदान केंद्र क्रमांक-146 (गंगापुर) के बीएलओ सतीश भानुदास भिडवे ने 596 मतदाताओं के प्रगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण एवं डिजिटलीकरण 20 जुलाई 2026 को पूरा कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वे जव्हार तहसील के पहले बीएलओ बने जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने तीनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारियों की निष्ठा, समर्पण और ईमानदार कार्यशैली पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका उत्कृष्ट कार्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाता है। उन्होंने जिले के सभी बीएलओ से इसी समर्पण, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को पूर्ण करने का आह्वान किया।
प्रशासन के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी प्रत्येक पंजीकृत मतदाता के घर पहुंचकर प्रगणना प्रपत्र वितरित करते हैं, मतदाताओं की व्यक्तिगत जानकारी का सत्यापन करते हैं तथा आवश्यक संशोधन के बाद प्रपत्रों का डिजिटलीकरण कर उन्हें भारत निर्वाचन आयोग की प्रणाली में अपलोड करते हैं। इस प्रक्रिया से नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने, आवश्यक संशोधन करने, अपात्र अथवा दोहरे नाम हटाने तथा स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन करने में सहायता मिलती है।
पालघर जिला प्रशासन ने कहा है कि निर्वाचन अधिकारियों, मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और क्षेत्रीय कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, ताकि त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर सुनिश्चित किया जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।