पालघर: संभावित आपात स्थिति को लेकर पालघर प्रशासन अलर्ट, एनडीआरएफ सहित बचाव दल किए गए तैनात।
पालघर: संभावित आपात स्थिति को लेकर पालघर प्रशासन अलर्ट, एनडीआरएफ सहित बचाव दल किए गए तैनात।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा को देखते हुए संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ के मार्गदर्शन में सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार अंधेरी से रवाना हुई राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की एक टीम तलासरी पहुंच चुकी है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। इसके साथ ही वसई-विरार महानगरपालिका (वीवीएमसी) की आपातकालीन बचाव टीम भी तलासरी पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से कार्य कर रही है।
इसके अतिरिक्त पालघर से एनडीआरएफ की एक अन्य टीम डहाणू के लिए रवाना की गई है, जिसे आवश्यकता के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। वहीं पालघर से एनपी (NP) टीम को भारड (चारोटी) क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है, जहां वह स्थानीय प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही है।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।
जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक संदेश पर विश्वास न करें तथा केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन समय-समय पर स्थिति की आधिकारिक जानकारी नागरिकों तक पहुंचाता रहेगा।
Comments
Post a Comment