पालघर: अफकॉन्स के CSR पहल से 94 कैंसर पीड़ित बच्चों को नई उम्मीद, उद्योग जगत की भूमिका सराहनीय – देवेंद्र फडणवीस।

पालघर: अफकॉन्स के CSR पहल से 94 कैंसर पीड़ित बच्चों को नई उम्मीद, उद्योग जगत की भूमिका सराहनीय – देवेंद्र फडणवीस।

अखिलेश चौबे 
मुंबई। अफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत किए गए प्रयासों से देशभर के 94 कैंसर से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगी है। इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे समाजहित में उद्योग जगत का प्रेरणादायी योगदान बताया है।
अफकॉन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने वर्ष 2025-26 के दौरान CSR के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। कंपनी ने जहां शिक्षा को प्राथमिकता दी है, वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम योगदान दिया है।
इसी क्रम में कंपनी ने देशभर में कैंसर के संदेह वाले बाल मरीजों के लिए त्वरित निदान सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की। इस परियोजना के तहत अफकॉन्स ने टाटा मेमोरियल अस्पताल के माध्यम से “कैंसर संदिग्ध बाल मरीजों के लिए आपातकालीन निदान सहायता सेवा” योजना हेतु 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस सहायता के परिणामस्वरूप 94 बच्चों को समय पर जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकीं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कैंसर जैसे गंभीर रोग में समय पर निदान होना अत्यंत आवश्यक होता है। आर्थिक समस्याओं के कारण कई परिवार आवश्यक जांच नहीं करवा पाते, जिससे इलाज में देरी होती है। ऐसे में अफकॉन्स की यह पहल न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि यह कई बच्चों के इलाज की प्रक्रिया को तेज करने और उनके परिवारों को राहत देने का काम कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार के प्रयासों को उद्योग क्षेत्र का इसी तरह सहयोग मिलता रहा, तो स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के लक्ष्यों को तेजी से हासिल किया जा सकता है। समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बीच साझेदारी को और मजबूत करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने इसे कॉर्पोरेट क्षेत्र की सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि अफकॉन्स द्वारा शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किया गया निवेश दीर्घकालिक और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे CSR उपक्रम समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।