पालघर: अंधविश्वास के शक में कुल्हाड़ी से हमला, महिला की मौत; पति की हालत गंभीर।
पालघर: अंधविश्वास के शक में कुल्हाड़ी से हमला, महिला की मौत; पति की हालत गंभीर।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के डहाणू तालुका अंतर्गत सरावली परिसर के पाटीलपाड़ा क्षेत्र में अंधविश्वास और कथित करणी के शक को लेकर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल महिला गुलाब सुरेश भरकुड की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उनके पति सुरेश हरजी भरकुड की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरावली पाटीलपाड़ा निवासी आरोपी विलास अर्जुन नामकोडा की पत्नी लंबे समय से बीमार रहती थी। कुछ दिनों पूर्व उसकी मृत्यु हो जाने के बाद आरोपी के मन में यह संदेह उत्पन्न हुआ कि उसके पड़ोसी सुरेश हरजी भरकुड और उनकी पत्नी गुलाब सुरेश भरकुड करणी (तंत्र-मंत्र) कर रहे थे, जिसके कारण उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ी और अंततः मृत्यु हो गई।
इसी अंधविश्वास के चलते बुधवार दोपहर लगभग ढाई से तीन बजे के बीच आरोपी विलास अर्जुन नामकोडा ने सुरेश हरजी भरकुड और गुलाब सुरेश भरकुड पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामस्थों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल डहाणू उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए गुजरात स्थित एक अस्पताल में रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुलाब सुरेश भरकुड ने दम तोड़ दिया, जबकि सुरेश हरजी भरकुड का उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपी विलास अर्जुन नामकोडा द्वारा विषप्राशन किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। उसे भी डहाणू उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इस मामले में शिकायतकर्ता अविनाश विक्या गुजर की तहरीर पर डहाणू पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस निरीक्षक किरण पवार के मार्गदर्शन में इस पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। इस घटना के बाद सरावली और आसपास के क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। अंधविश्वास के कारण हुई इस हिंसक वारदात ने समाज में जागरूकता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Comments
Post a Comment