पालघर: रोटरी क्लब में नेतृत्व परिवर्तन, 7 जून को होगा पदस्थापना समारोह।
पालघर: रोटरी क्लब में नेतृत्व परिवर्तन, 7 जून को होगा पदस्थापना समारोह।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर स्थित प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. प्रवीण वैश्य के पदस्थापना (इंस्टॉलेशन) एवं नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन रविवार, 7 जून 2026 को सायं 6 बजे टीमा ऑडिटोरियम, बोईसर–तारापुर में किया जाएगा।
इस समारोह के मुख्य अतिथि रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3141 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन राजन दुआ होंगे। कार्यक्रम में रोटरी के वरिष्ठ पदाधिकारी, रोटेरियन परिवार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 के अध्यक्ष रोटेरियन राम नारायण गोयल के नेतृत्व में क्लब द्वारा संचालित लगभग 50 जनहितकारी एवं उत्कृष्ट सेवा परियोजनाओं की उपलब्धियों को भी प्रस्तुत किया जाएगा। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सफल नेतृत्व के लिए उन्हें डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य इस अवसर पर आगामी सत्र के लिए क्लब की कार्ययोजना एवं विभिन्न सेवा परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण, मोतियाबिंद ऑपरेशन, क्षय (टीबी) रोगियों के लिए पौष्टिक आहार वितरण, वृक्षारोपण, रक्तदान अभियान, विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय सुविधाएं, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर तथा जयपुर फुट वितरण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य शामिल हैं।
समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में वर्तमान अध्यक्ष राम नारायण गोयल (जिनका कार्यकाल 30 जून तक है), प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप राऊत, शैलेश अग्रवाल, स्मिता जाधव एवं रत्ना सिंह सहित क्लब के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार यह समारोह रोटरी की सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का उत्सव होगा। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के लिए आयोजित स्नेहभोज के साथ किया जाएगा।
Comments
Post a Comment