पालघर: महावितरण को शिवसेना का अल्टीमेटम: बिना अनुमति स्मार्ट मीटर लगाने पर तीव्र आंदोलन की चेतावनी, पालघर में सैकड़ों शिवसैनिकों का मोर्चा।
पालघर: महावितरण को शिवसेना का अल्टीमेटम: बिना अनुमति स्मार्ट मीटर लगाने पर तीव्र आंदोलन की चेतावनी, पालघर में सैकड़ों शिवसैनिकों का मोर्चा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में बिना उपभोक्ताओं की सहमति के स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के मुद्दे पर शिवसेना ने कड़ा रुख अपनाते हुए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) को सख्त चेतावनी दी है। जिला प्रमुख कुंदन वालकृष्ण संखे के नेतृत्व में निकाले गए मोर्चे के माध्यम से महावितरण के अधीक्षक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकने की मांग की गई।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया कि पालघर जिला मुख्यतः ग्रामीण और आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां के सामान्य बिजली उपभोक्ता, किसान, मजदूर और मध्यमवर्गीय नागरिक स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता से असंतुष्ट हैं। कई स्थानों से यह शिकायतें सामने आई हैं कि उपभोक्ताओं की पूर्व अनुमति के बिना ही स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर से बढ़े हुए बिजली बिल, प्रीपेड प्रणाली लागू होने की आशंका, तकनीकी समस्याएं और आर्थिक बोझ बढ़ने की चिंताओं ने नागरिकों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।
शिवसेना की ओर से अधीक्षक अभियंता को सौंपे गए पत्र में मांग की गई कि बिना उपभोक्ताओं की स्पष्ट सहमति के किसी भी घरेलू, व्यावसायिक या कृषि बिजली कनेक्शन पर स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई तत्काल स्थगित की जाए। साथ ही स्मार्ट मीटर के संबंध में शासन और महावितरण की आधिकारिक नीति लिखित रूप में सार्वजनिक की जाए। इसके अलावा जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ चर्चा कर ही आगे कोई निर्णय लेने की बात कही गई। उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष हेल्पडेस्क स्थापित करने की भी मांग रखी गई।
मोर्चे के दौरान महावितरण अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि उपभोक्ताओं की अनुमति के बिना किसी पर भी स्मार्ट मीटर लगाने की कोई सक्ती नहीं की जाएगी। इस आश्वासन के बावजूद शिवसेना ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में जबरन मीटर लगाने की कोशिश की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस मोर्चे में जिला प्रमुख कुंदन संखे, उपनेता ज्योति मेहर, सह संपर्क प्रमुख केदार काळे, जिला संघटिका वैदेही वाढाण, पालघर नगराध्यक्ष उत्तम घरत, डहाणू नगराध्यक्ष राजेंद्र माच्छी, माजी आमदार अमित घोडा, राजू माच्छी, केदार काळे, ज्योति मेहर, वैदेही वाढाण सहित अनेक पदाधिकारी और शिवसैनिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न स्तरों के जिला व तालुका पदाधिकारी भी मोर्चे में शामिल हुए।
ज्ञापन पर जिला प्रमुख कुंदन संखे, उपनेता ज्योति मेहर, प्रवक्ता केदार काळे, जिला संघटिका वैदेही वाढाण, नगराध्यक्ष उत्तम घरत, नगराध्यक्ष राजू माच्छी, शहर प्रमुख राहून धरत, माजी आमदार अमित घोडा तथा तालुका प्रमुख संजय विटी सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मुद्दे पर गंभीरता से निर्णय लिया जाए, अन्यथा जनता की भावनाओं के अनुरूप आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Comments
Post a Comment