पालघर: डहाणू में कथित ‘लव जिहाद’ और ब्लैकमेलिंग का मामला, दो बहनों को जाल में फंसाने का आरोप; पुलिस जांच तेज।
पालघर: डहाणू में कथित ‘लव जिहाद’ और ब्लैकमेलिंग का मामला, दो बहनों को जाल में फंसाने का आरोप; पुलिस जांच तेज।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के डहाणू क्षेत्र में कथित ‘लव जिहाद’ और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। मामले के सामने आने के बाद भाजपा नेता चित्रा वाघ डहाणू पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अधिकारियों से मुलाकात कर जांच की प्रगति की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जून को डहाणू पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी युवक ने पहले बड़ी बहन के साथ प्रेम संबंध स्थापित किया और बाद में उसकी नाबालिग छोटी बहन को भी अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि आरोपी ने दोनों बहनों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया।
मामले में डहाणू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं।
इस मामले को लेकर चित्रा वाघ ने डहाणू पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपी का मकान अवैध पाया गया, तो उस पर बुलडोजर चलाने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
चित्रा वाघ ने यह भी मांग उठाई कि गुजरात की तर्ज पर अंतरजातीय विवाह के मामलों में परिवार को सूचना देने संबंधी कानून महाराष्ट्र में भी लागू किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पालघर जिले की कई युवतियों को बहला-फुसलाकर विदेश, विशेष रूप से लंदन ले जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
डहाणू के पुलिस उप अधीक्षक अंकिता कणसे ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद डहाणू और आसपास के क्षेत्रों में चिंता और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
Comments
Post a Comment