पालघर: शिरगांव बीच पर उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ का दिया गया संदेश।
पालघर: शिरगांव बीच पर उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ का दिया गया संदेश।
अखिलेश चौबे
पालघर। राष्ट्रीय आयुष अभियान, आरोग्य विभाग जिला परिषद पालघर, जिला प्रशासन पालघर तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को शिरगांव बीच पर उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समुद्र के प्राकृतिक और मनोहारी वातावरण में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के महत्व का व्यापक संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी इंदुराणी जाखड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुहास वनमाने, जिला शल्य चिकित्सक डॉ. रामदास मराड, सहायक जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शशिकांत सालुंखे, जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीकांत कुलकर्णी, डॉ. अजय ठाकरे, आरएमओ डॉ. योगेश सुराळकर तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक भक्ति चोथे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for One Earth, One Health” (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य) को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और पर्यावरण के साथ संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक हर्षदा घरत ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा आयुर्वेद की दिनचर्या और ऋतुचर्या के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योगाभ्यास का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करते हुए बताया कि नियमित योग से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
समारोह के समापन अवसर पर जिलाधिकारी इंदुराणी जाखड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। योग से जहां शारीरिक तंदुरुस्ती बढ़ती है, वहीं मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करें।
शिरगांव बीच के प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी प्रतिभागियों को योग के महत्व का गहरा अनुभव कराया और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रभावी संदेश दिया।
Comments
Post a Comment