पालघर: जिला परिषद पालघर में शिवराज्याभिषेक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

पालघर: जिला परिषद पालघर में शिवराज्याभिषेक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।

अखिलेश चौबे
पालघर। छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस के अवसर पर जिला परिषद पालघर परिसर में शिवराज्याभिषेक दिवस बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला परिषद परिसर में शिवस्वराज्य गुढ़ी स्थापित की गई तथा प्रवेश द्वार के समीप स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का विधिवत पूजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी (सामान्य प्रशासन) इजाज अहमद शरीकमसलत एवं जिला पशुसंवर्धन अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर के हस्तों प्रतिमा पूजन किया गया। इसके पश्चात शिवाजी महाराज के जयघोष के साथ राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत प्रस्तुत किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी इजाज अहमद शरीकमसलत के मार्गदर्शन एवं नियोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मार्गदर्शन करते हुए डॉ. प्रकाश हसनाळकर ने छत्रपति शिवाजी महाराज के लोककल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए राजर्षि शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा समाज के सर्वांगीण विकास हेतु किए गए योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचार आज भी समाज को दिशा प्रदान करते हैं और जनकल्याण के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर इजाज अहमद शरीकमसलत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रशासनिक व्यवस्था की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित लोकाभिमुख, न्यायनिष्ठ एवं पारदर्शी प्रशासन आज भी आदर्श माना जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील के मार्गदर्शन में जिला परिषद प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से प्रभावी रूप से कार्य कर रहा है तथा कुपोषणमुक्त पालघर के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
आभार प्रदर्शन के दौरान डॉ. प्रकाश हसनाळकर ने शिवाजी महाराज की स्वराज्य संकल्पना का विस्तृत उल्लेख करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज ने बिना किसी भेदभाव के सभी समाज वर्गों को समान न्याय, सुरक्षा और विकास के अवसर प्रदान करने वाला राज्य स्थापित किया था। उनके विचार आज भी प्रशासनिक तंत्र के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता (लघुपाटबंधारे) दिलीप पाडवी, कार्यकारी अभियंता (पेयजल) गणेश गायकवाड़, अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शशिकांत साळुंखे सहित जिला परिषद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपनाते हुए अधिक सक्षम एवं जनहितैषी प्रशासन के निर्माण का संकल्प लिया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।