पालघर: जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 557 लोगों ने लिया लाभ।
पालघर: जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 557 लोगों ने लिया लाभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के मार्गदर्शन में जिला यातायात शाखा द्वारा 6 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 48, मुंबई-अहमदाबाद मार्ग स्थित कासा टोल नाका पर वाहन चालकों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में इंन्फीगो आई केयर सेंटर हॉस्पिटल, पालघर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में डॉ. भक्ति गाढे, डॉ. सुष्मिता पाटिल तथा डॉ. कल्पेश भोईर ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उपस्थित लोगों की नेत्र जांच की।
आयोजित शिविर में वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों सहित कुल 557 लोगों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, उन्हें मौके पर ही उचित नंबर के चश्मे निःशुल्क वितरित किए गए। इसके साथ ही जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं थे, उन पर भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से मुफ्त रिफ्लेक्टर लगाए गए।
इस जनहितकारी पहल को वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से सकारात्मक एवं उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। कार्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस विभाग के साथ सहयोग बनाए रखें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
इस पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल व्हटकर के नेतृत्व में जिला यातायात शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सुनियोजित तरीके से किया गया।
Comments
Post a Comment