पालघर: जिले में 24 जून को आयोजित होगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर।
पालघर: जिले में 24 जून को आयोजित होगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा रोजगार का बड़ा अवसर।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र शासन के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के माध्यम से राज्य में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत वर्ष 2026-27 के दौरान राज्यभर में 1000 रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल विभागीय मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा की संकल्पना के अंतर्गत लागू की जा रही है।
इसी क्रम में पालघर जिले में भी इस वित्तीय वर्ष के दौरान कुल 22 रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई है। जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, पालघर द्वारा यह आयोजन जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
इस श्रृंखला के अंतर्गत आगामी 24 जून 2026 (बुधवार) को जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, पालघर में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विभिन्न कंपनियों द्वारा उपलब्ध रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
नौकरी की तलाश कर रहे इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mahaswayam.gov.in/ पर जाकर पंजीकरण करें। जिन उम्मीदवारों ने पहले से पंजीकरण नहीं किया है, वे पहले अपना रजिस्ट्रेशन पूर्ण करें। इसके बाद लॉगिन कर डैशबोर्ड में दिए गए दीनदयाल उपाध्याय जॉब फेयर विकल्प के माध्यम से पालघर जिले का चयन कर संबंधित प्लेसमेंट ड्राइव (2026-27) में भाग लेने के लिए आवेदन करें।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध पदों की जानकारी लेकर ऑनलाइन आवेदन करें तथा साक्षात्कार के लिए उपस्थित होते समय कम से कम पांच प्रतियों में बायोडाटा, फोटो, आधार कार्ड, सेवायोजन पंजीकरण कार्ड तथा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रमाणपत्र साथ लेकर आएं।
अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार विभाग की वेबसाइट पर जा सकते हैं या जिला कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 02525-299812 पर संपर्क कर सकते हैं।
कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की प्रभारी सहायक आयुक्त रेणुका तम्मलवार ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। यह रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।
Comments
Post a Comment