मुंबई: महाराष्ट्र में बनेगा वर्ल्ड क्लास मेडिसिटी—देवेंद्र फडणवीस ने किया बड़ा ऐलान।क्लीव्हलैंड क्लिनिक, ब्रुकफील्ड और आरोधन हेल्थ सिटी के साथ समझौता; 1.2 अरब डॉलर निवेश और 10,000 रोजगार की संभावना।
मुंबई: महाराष्ट्र में बनेगा वर्ल्ड क्लास मेडिसिटी—देवेंद्र फडणवीस ने किया बड़ा ऐलान।
क्लीव्हलैंड क्लिनिक, ब्रुकफील्ड और आरोधन हेल्थ सिटी के साथ समझौता; 1.2 अरब डॉलर निवेश और 10,000 रोजगार की संभावना।
अखिलेश चौबे
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए नवी मुंबई में विश्वस्तरीय “इंटरनेशनल मेडिसिटी” विकसित करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर महाराष्ट्र सरकार, क्लीव्हलैंड क्लिनिक, ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट और आरोधन हेल्थ सिटी के बीच सामंजस्य करार (MoU) किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि “मेडिसिटी” की यह अवधारणा स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और प्रतिभा को एक ही मंच पर लाने का प्रयास है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हील इन इंडिया” विजन के अनुरूप है।
मुख्यमंत्री ने इसे भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में परिवर्तनकारी पहल बताते हुए कहा कि क्लीव्हलैंड क्लिनिक जैसी विश्वस्तरीय संस्था का इस परियोजना से जुड़ना महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने क्लीव्हलैंड क्लिनिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. टॉमिस्लाव मिहाल्जेविक, कार्डियोवैस्कुलर मेडिसिन के अध्यक्ष डॉ. समीर कपाडिया, इमर्जिंग मार्केट्स के अध्यक्ष डॉ. फाल्कोने तथा आर्सेलर मित्तल के कार्यकारी अध्यक्ष और क्लीव्हलैंड क्लिनिक बोर्ड सदस्य लक्ष्मी मित्तल का विशेष आभार व्यक्त किया।
इस परियोजना के तहत नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में “नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी” विकसित की जाएगी। यह भारत का पहला ऐसा एकीकृत स्वास्थ्य केंद्र होगा, जहां विश्वस्तरीय अस्पताल, मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा संस्थान, क्लिनिकल रिसर्च सेंटर, बायोटेक्नोलॉजी और लाइफ साइंस सुविधाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हेल्थकेयर इनोवेशन और वेलनेस इंफ्रास्ट्रक्चर एक ही परिसर में विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के निवेश सलाहकार कौस्तुभ धवसे ने क्लीव्हलैंड में महाराष्ट्र सरकार का प्रतिनिधित्व किया। वहीं, आरोधन हेल्थ सिटी की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. सलोनी पटवर्धन भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
क्लीव्हलैंड क्लिनिक के सीईओ डॉ. टॉम मिहाल्जेविक ने कहा कि यह साझेदारी भविष्य के मरीजों, स्वास्थ्य पेशेवरों और शोधकर्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक दूरदर्शी कदम है। उन्होंने कहा कि भारत में क्लिनिकल उत्कृष्टता, नवाचार और चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक और एशिया पैसिफिक रियल एस्टेट प्रमुख अंकुर गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में, बल्कि आर्थिक और सामाजिक स्तर पर भी बड़ा प्रभाव डालेगी।
इस परियोजना में लगभग 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 10,000 करोड़ रुपये से अधिक) का निवेश होने की संभावना है, जिससे 10,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे।
एलएनएमआईआईटी, जयपुर ने भी इस परियोजना में सहयोग की इच्छा जताई है। संस्थान अनुसंधान, उन्नत तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रिसिजन मेडिसिन जैसे क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करेगा।
आरोधन हेल्थ सिटी की डॉ. सलोनी पटवर्धन ने कहा कि दुनिया की सर्वश्रेष्ठ संस्थाओं को एक साथ लाकर एकीकृत स्वास्थ्य सेवा पारिस्थितिकी तंत्र बनाना उनका लक्ष्य रहा है, और यह समझौता उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
महाराष्ट्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि इस परियोजना के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां और सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि इसे तेजी से जमीन पर उतारा जा सके।
“नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी” को भारत के सबसे बड़े एकीकृत स्वास्थ्य और जीवन विज्ञान केंद्रों में विकसित करने का लक्ष्य है, जो देश को वैश्विक स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
Comments
Post a Comment