पालघर: परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए पालघर जिला तैयार, 10वीं-12वीं पूरक परीक्षा हेतु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

पालघर: परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए पालघर जिला तैयार, 10वीं-12वीं पूरक परीक्षा हेतु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था।

अखिलेश चौबे  
पालघर। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जून-जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षाओं को लेकर पालघर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
इसी संदर्भ में 11 जून को जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निवासी उपजिल्हाधिकारी सुभाष भागडे ने की। इस दौरान परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने, प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिकाओं की सुरक्षित हैंडलिंग सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न उपायों की समीक्षा की गई।
प्रशासन की ओर से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संकलन और उनके परिवहन के दौरान कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए बैकअप व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की नकल या गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) और स्थायी जांच टीमों के माध्यम से नियमित निरीक्षण किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुचारु और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो, इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा।
बैठक में प्रभारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि अभिजीत पाटील, पुलिस आयुक्त के प्रतिनिधि वसंत लबदे, समिति सदस्य तथा कार्यकारी अभियंता (विद्युत वितरण) सुरेंद्र मुंगारी, प्राचार्य डायट संभाजी भोजने, शिक्षणाधिकारी (प्राथमिक) सोनाली मातेकर, शिक्षणाधिकारी (योजना) शेषराव बडे, शिक्षणाधिकारी (माध्यमिक) अशोक पाटील तथा उपशिक्षणाधिकारी शैलेश सुर्वे उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैरप्रकार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।