पालघर: बोईसर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष बने आनंद प्रकाश धोडी, बोईसर मंडल में नई सियासी ताकत का उदय।
पालघर: बोईसर मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष बने आनंद प्रकाश धोडी, बोईसर मंडल में नई सियासी ताकत का उदय।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर की राजनीति में संगठनात्मक गतिविधियों ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सरावली सरपंच आनंद प्रकाश धोडी को भाजपा बोईसर मंडल कार्यकारिणी में युवा मोर्चा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति 12 मई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
पार्टी नेतृत्व ने यह निर्णय उनकी लंबे समय से चली आ रही सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा और समाजसेवा में उनके योगदान को देखते हुए लिया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश स्तर से लेकर जिला नेतृत्व तक, धोडी के कामकाज को सकारात्मक रूप से आंका गया, जिसके बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के मार्गदर्शन और पालघर जिला अध्यक्ष भरतभाई रजपूत के नेतृत्व में की गई है, जबकि मंडल अध्यक्ष महेंद्र भोने के हस्ताक्षर से यह आधिकारिक पत्र जारी हुआ है।
पार्टी की ओर से जारी पत्र में उम्मीद जताई गई है कि आनंद प्रकाश धोडी संगठन की विचारधारा के प्रति निष्ठा रखते हुए अनुशासन के साथ काम करेंगे और युवा मोर्चा को नई ऊर्जा देंगे। साथ ही, जनसामान्य के बीच पार्टी की पकड़ और मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बोईसर जैसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में युवा मोर्चा अध्यक्ष के रूप में धोडी की नियुक्ति आने वाले समय में संगठन के विस्तार और जनसंपर्क अभियान को नई दिशा दे सकती है।
पद मिलने के बाद आनंद प्रकाश धोडी ने मुंबई राजनीति न्यूज़ से बातचीत में कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरते हुए युवाओं को संगठन से जोड़ने, जनसंपर्क बढ़ाने और क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाने का काम करेंगे। धोडी ने यह भी भरोसा दिलाया कि अनुशासन और समर्पण के साथ काम करते हुए बोईसर मंडल में संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा।
पदभार मिलने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है और स्थानीय स्तर पर इसे संगठन के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment