पालघर: जिले के बोईसर में ‘कामगार महोत्सव 2026’ की भव्य तैयारी, 21 कामगारों और 21 माताओं का होगा सम्मान।बिहार जन सेवा संस्था का अनोखा आयोजन—बबन कुमार सिंह बोले, “कामगार ही भगवान हैं”, समाज के अनदेखे नायकों को मिलेगा मंच।
पालघर: जिले के बोईसर में ‘कामगार महोत्सव 2026’ की भव्य तैयारी, 21 कामगारों और 21 माताओं का होगा सम्मान।
बिहार जन सेवा संस्था का अनोखा आयोजन—बबन कुमार सिंह बोले, “कामगार ही भगवान हैं”, समाज के अनदेखे नायकों को मिलेगा मंच।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक नगरी बोईसर में इस बार ‘कामगार महोत्सव 2026’ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। नवापुर रोड स्थित टीमा ग्राउंड पर 10 मई 2026 की शाम 5 बजे से 11 बजे तक आयोजित होने वाला यह भव्य कार्यक्रम न केवल एक उत्सव है, बल्कि मेहनतकश कामगारों के सम्मान और उनके योगदान को सलाम करने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।
बिहार जन सेवा संस्था द्वारा आयोजित यह महोत्सव लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष बबन कुमार सिंह के नेतृत्व में यह आयोजन अब एक परंपरा का रूप ले चुका है, जो हर वर्ष समाज के उन अनदेखे चेहरों को सामने लाता है, जिनकी मेहनत से हमारी रोजमर्रा की जिंदगी सुचारू रूप से चलती है।
कार्यक्रम के संयोजक के रूप में महाराष्ट्र खादी भंडार की भूमिका भी अहम है, जबकि पालघर जिला अध्यक्ष बी के झा और महिला अध्यक्ष किरन सिन्हा इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
महोत्सव के मुख्य मार्गदर्शकों में रामनारायण गोयल (रोटरी क्लब अध्यक्ष, बोईसर), रनवीर सिंह (उद्योगपति, बोईसर) और शैलबाला सिंह (समाजसेविका, बोईसर) शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया गया है।
इस भव्य आयोजन में पालघर सांसद हेमंत विष्णु सावरा, बोईसर विधानसभा के विधायक विलास तारे, पालघर विधानसभा के विधायक राजेंद्र गावित सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रमुख और अनेक गणमान्य व्यक्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही, बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह की विशेष उपस्थिति भी कार्यक्रम को और खास बनाएगी।
"सतर्क इंडिया" से बात करते हुए बिहार जन सेवा संस्था अध्यक्ष बबन कुमार सिंह ने कहा।
इस महोत्सव में जिन 21 कामगारों का पूजन और सम्मान किया जाएगा, वे सामान्य कामगार नहीं होंगे, बल्कि वे लोग होंगे जो समाज की दिनचर्या को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसमें सफाई कर्मचारी, नगर पालिका और ग्राम पंचायत के कर्मी, तथा ऐसे बुजुर्ग कामगार शामिल होंगे जो उम्र के अंतिम पड़ाव में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “ये वही लोग हैं जिनकी मेहनत अक्सर नजरों से ओझल रहती है, लेकिन उनका योगदान हमारी जिंदगी में सबसे महत्वपूर्ण होता है।”
इसी के साथ 10 मई को मदर्स डे के अवसर पर 21 माताओं का पूजन भी किया जाएगा। इसमें ऐसे माता-पिता को सम्मानित किया जाएगा, जिनकी प्रेरणादायक भूमिका समाज के सामने लाना बेहद जरूरी है।
बबन कुमार सिंह ने यह भी बताया कि महाराष्ट्र के मजदूरों के हित में कुछ महत्वपूर्ण कार्यों पर संस्था काम कर रही है, जिनका लाभ जल्द ही कामगारों को मिलेगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति कामगारों के लिए कुछ करना चाहता है, वह बिहार जन सेवा संस्था से सीधे संपर्क कर सकता है और इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से होगी, जिसके बाद महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर विचार-विमर्श और स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मराठी, हिंदी और भोजपुरी संगीत से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो पूरे माहौल को उत्सवमय बना देगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था भी की गई है, जिससे आपसी स्नेह और भाईचारा और मजबूत होगा।
इस आयोजन के जरिए एक बार फिर यह संदेश दिया जा रहा है कि समाज की असली ताकत उसके कामगार हैं—और उनका सम्मान ही सच्चे विकास की पहचान है।
Comments
Post a Comment