पालघर: जिले में महाराष्ट्र दिवस पर मुख्य शासकीय ध्वजारोहण, विकास कार्यों को लेकर बड़ा दावा।तेजी से हो रहा विकास, पालघर प्रगतिशील जिले की ओर अग्रसर — गणेश नाईक।

पालघर: जिले में महाराष्ट्र दिवस पर मुख्य शासकीय ध्वजारोहण, विकास कार्यों को लेकर बड़ा दावा।
तेजी से हो रहा विकास, पालघर प्रगतिशील जिले की ओर अग्रसर — गणेश नाईक।

अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र राज्य के 67वें स्थापना दिवस के अवसर पर पालघर जिले के कोलगांव स्थित पुलिस परेड मैदान में मुख्य शासकीय ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक के हस्ते ध्वजारोहण संपन्न हुआ।
समारोह में विधायक राजेंद्र गावित, जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, शालेय एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
इस मौके पर संबोधित करते हुए पालकमंत्री गणेश नाईक ने कहा कि जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण पालघर तेजी से एक प्रगतिशील जिले के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के ‘Aspirational District Programme’ में शामिल होने के बाद जिले में बुनियादी सुविधाओं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, बिजली और डिजिटल सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के साथ-साथ CSR निधि के प्रभावी उपयोग से जिले के समग्र विकास को गति मिली है।
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जिले के 3,329 किसानों को लगभग 693 लाख रुपये की सहायता सीधे DBT के माध्यम से प्रदान की गई है। ‘बिरसा मुंडा कृषि क्रांति योजना’ के तहत सिंचाई क्षेत्र में विस्तार हुआ है, जिससे 642 हेक्टेयर भूमि सिंचित क्षेत्र में शामिल हुई है। साथ ही, फल बागवानी और बांस की खेती के लिए 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र का नियोजन किया गया है।
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ‘उमेद’ और ‘लखपति दीदी’ जैसे उपक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। सिकल सेल जांच, एनीमिया नियंत्रण अभियान तथा प्रत्येक तालुका में शुरू की गई डायग्नोस्टिक प्रयोगशालाओं के कारण आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इसके अलावा, जिले में 100 विद्यार्थियों की क्षमता वाले शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय तथा 430 बेड के अस्पताल के निर्माण का महत्वाकांक्षी प्रकल्प जापान की ‘जायका’ संस्था के सहयोग से चल रहा है। डहाणू, जव्हार और मोखाडा में शुरू की गई मुफ्त डायलिसिस सेवाओं से हजारों मरीजों को राहत मिली है।
रोजगार सृजन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुआ है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत 2.49 लाख श्रमिकों को 190 करोड़ रुपये की मजदूरी प्रदान की गई है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उत्पन्न हुए हैं। साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।
महसूल विभाग द्वारा नागरिकों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें बिनशेती कर से मुक्ति तथा भूमि के नियमितीकरण के लिए सरल प्रक्रिया लागू करना शामिल है। इसके अलावा, शासकीय सेवाओं में से 90 प्रतिशत से अधिक सेवाएं निर्धारित समय में प्रदान की जा रही हैं।
क्रीड़ा, शिक्षा और प्रशासनिक क्षेत्रों में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों का उल्लेख करते हुए गणेश नाईक ने कहा कि शासन, प्रशासन और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से ही जिले का समग्र विकास संभव हो पा रहा है।
समारोह के अंत में पालकमंत्री गणेश नाईक ने जिलेवासियों को महाराष्ट्र दिवस और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनके हस्ते विभिन्न शासकीय वाहनों का लोकार्पण भी किया गया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।