पालघर: में 8 मई को ‘जनता दरबार’: पालकमंत्री गणेश नाईक नागरिकों से करेंगे सीधा संवाद।
पालघर: में 8 मई को ‘जनता दरबार’: पालकमंत्री गणेश नाईक नागरिकों से करेंगे सीधा संवाद।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 8 मई 2026 को ‘जनता दरबार’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे लोकशाहीर आत्माराम पाटील नियोजन समिति सभागार, जिल्हाधिकारी कार्यालय, पालघर में आयोजित होगा। इस जनता दरबार की अध्यक्षता वनमंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक करेंगे।
इस विशेष कार्यक्रम में गणेश नाईक स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं, शिकायतों तथा विभिन्न प्रशासनिक अड़चनों को सुनेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को प्रशासन तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना और उनके मुद्दों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
जिल्हाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड ने जानकारी देते हुए बताया कि जनता दरबार में जिले के सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहेंगे, ताकि नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए शिकायत पत्रों और आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए 8 मई 2026 को जिल्हाधिकारी कार्यालय, पालघर में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहें।
डॉ. इंदु राणी जाखड ने यह भी बताया कि पूर्व में आयोजित जनता दरबारों को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था, जिससे कई लंबित मामलों का समाधान संभव हो सका। इसी अनुभव के आधार पर इस बार भी प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारी की है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
प्रशासन की ओर से नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने संबंधित दस्तावेजों और आवेदन पत्रों के साथ उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। यह जनता दरबार प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment