पालघर: जिले में युवाओं के लिए इस्राइल में रोजगार का अवसर: 5000 पदों पर भर्ती, 1.61 लाख रुपये तक मासिक वेतन।
पालघर: जिले में युवाओं के लिए इस्राइल में रोजगार का अवसर: 5000 पदों पर भर्ती, 1.61 लाख रुपये तक मासिक वेतन।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग के अंतर्गत पालघर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए इस्राइल में रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल के तहत ‘होम बेस्ड केयरगिवर’ क्षेत्र में युवक-युवतियों के लिए लगभग 5000 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र की सहायक आयुक्त रेणुका तम्मलवार ने जिले के पात्र उम्मीदवारों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत 25 से 45 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्हें अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान हो। साथ ही उम्मीदवारों के पास घरेलू सहायक या देखभाल सेवाओं से संबंधित कार्य में दक्षता होना आवश्यक है। इसके लिए भारत के मान्यता प्राप्त नियामक प्राधिकरण द्वारा जारी कम से कम 120 घंटे के प्रशिक्षण (ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित) का प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा।
इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों के पास मिडवाइफरी प्रशिक्षण, नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण या जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग अथवा पोस्ट बीएससी नर्सिंग जैसी शैक्षणिक योग्यता होना भी आवश्यक है। यह सभी प्रशिक्षण भारतीय प्राधिकरणों के मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
भर्ती प्रक्रिया महाराष्ट्र राज्य के भीतर ही आयोजित की जाएगी और चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति के बाद इस्राइल में कार्य करने का अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को मेडिकल बीमा, आवास एवं भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा उन्हें प्रति माह लगभग 1 लाख 61 हजार रुपये तक का वेतन प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://maharashtrainternational.com पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, पालघर, जिला मुख्यालय परिसर, प्रशासनिक इमारत ‘बी’, प्रथम मंजिल, कक्ष क्रमांक 109, पालघर-बोईसर रोड, कोलगांव, तहसील एवं जिला पालघर (पिन 401404) से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त दूरभाष क्रमांक 02525-299812 तथा ईमेल palgharrojgar@gmail.com के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक योग्य युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
Comments
Post a Comment