जिले में जनता दरबार, गणेश नाईक ने 445 आवेदनों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान।
जिले में जनता दरबार, गणेश नाईक ने 445 आवेदनों पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित जनता दरबार में वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने लोगों से संवाद करते हुए विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी कार्यालय स्थित लोकशाहीर आत्माराम पाटील नियोजन समिति सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 445 आवेदन प्राप्त हुए, जो जिला प्रशासन के प्रति नागरिकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
इस अवसर पर सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक राजेंद्र गावित, जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़, वसई-विरार शहर महानगरपालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., निवासी उपजिल्हाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिल्हाधिकारी (सामान्य प्रशासन) रणजित देसाई सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जनता दरबार में राजस्व, जलापूर्ति, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और भूमि से संबंधित शिकायतों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। गणेश नाईक ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए, बल्कि जिला स्तर पर ही उनकी समस्याओं का निराकरण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और प्रत्येक मामले को संवेदनशीलता के साथ संभालें।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे पालकमंत्री के समक्ष रखीं। कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लिए गए, जिससे नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाकर समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया गया, जिससे भविष्य में समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और अधिक तेज एवं पारदर्शी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Comments
Post a Comment