पालघर: बोईसर में मानवता की मिसाल: 29 मई को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन।रक्तदान के साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान पर जागरूकता अभियान।
पालघर: बोईसर में मानवता की मिसाल: 29 मई को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन।
रक्तदान के साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान पर जागरूकता अभियान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर शहर में समाज और मानवता का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 29 मई 2026 को बोईसर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस सामाजिक पहल का आयोजन हरिदया फाउंडेशन (रजि.) द्वारा किया गया है, जिसमें विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, स्वयंसेवकों, रक्तदाताओं और नागरिकों के बड़ी संख्या में भाग लेने की संभावना जताई गई है। आयोजकों के अनुसार, वर्तमान समय में बढ़ते सड़क हादसों और गंभीर बीमारियों के कारण रक्त की मांग लगातार बढ़ रही है, वहीं कई बार ब्लड बैंकों में रक्त की कमी से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस परिप्रेक्ष्य में “रक्तदान ही श्रेष्ठ दान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है। एक व्यक्ति के रक्तदान से तीन से चार मरीजों की जान बचाई जा सकती है, इसलिए प्रत्येक सक्षम नागरिक को आगे आकर इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए, ऐसा आयोजकों ने अपील की है।
विशेष बात यह है कि इस शिविर में केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि नेत्रदान, अंगदान और देहदान के महत्व पर भी विस्तार से मार्गदर्शन किया जाएगा। लोगों में इन विषयों को लेकर फैली भ्रांतियों और डर को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, मृत्यु के बाद अंगदान से कई लोगों को नया जीवन मिल सकता है और नेत्रदान से अंध व्यक्तियों को दृष्टि प्राप्त हो सकती है।
इस कार्यक्रम में समाज के प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में पराग यादव को विशेष आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने उनसे अपील की है कि वे स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित करें और समाजहित के इस अभियान को मजबूत बनाएं।
इस उपक्रम का नेतृत्व डॉ. राजेश हरिनाथ यादव द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर रक्तदान करने और सामाजिक जागरूकता के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
शिविर की जानकारी; दिनांक: 29 मई 2026, स्थान: बोईसर रेलवे स्टेशन, समय: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक, संपर्क: 9967310740 आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के उपक्रम न केवल जरूरतमंदों की जान बचाने में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में एकता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
Comments
Post a Comment