पालघर: जिले में जनगणना कक्ष का उद्घाटन, जनगणना 2027 की तैयारियां तेज।डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, नागरिकों से स्वगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील — गणेश नाईक।
पालघर: जिले में जनगणना कक्ष का उद्घाटन, जनगणना 2027 की तैयारियां तेज।
डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, नागरिकों से स्वगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील — गणेश नाईक।
अखिलेश चौबे
पालघर। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत पालघर जिले में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में जनगणना कक्ष की स्थापना की है। इस जनगणना कक्ष का उद्घाटन वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक के हस्ते संपन्न हुआ।
यह जनगणना भारत की 16वीं जनगणना होगी, जो इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी। नागरिकों को स्वगणना की सुविधा प्रदान करने के लिए मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से लोग स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिल्हा प्रशासन द्वारा इस प्रक्रिया के संचालन के लिए एक विशेष जनगणना समिति का गठन किया गया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड को प्रधान जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं निवासी उपजिल्हाधिकारी सुभाष भागडे को जिला जनगणना अधिकारी तथा उपजिल्हाधिकारी (सा.प्र) रणजीत देसाई को अतिरिक्त जनगणना अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनगणना की पूरी प्रक्रिया CMMS पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी और इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में घर सूचीकरण एवं गृह गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिकों को स्वगणना की सुविधा दी गई है। इसके पश्चात 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर 33 प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र करेंगे।
इस बार की जनगणना में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में पहली बार जाति आधारित आंकड़ों का भी संकलन किया जाएगा, जिससे भविष्य में सामाजिक और आर्थिक नीतियों के निर्माण में सहायता मिलेगी। इससे पहले जिला मुख्यालय में मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 23 अप्रैल से 8 मई तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण जारी है।
इसी क्रम में पालघर नगरपरिषद क्षेत्र के रामकृष्ण गार्डन सोसायटी परिसर में स्वगणना अभियान का शुभारंभ भी पालकमंत्री गणेश नाईक के हस्ते किया गया।
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गावीत, जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, पालघर नगरपरिषद के नगराध्यक्ष उत्तम घरत, निवासी उपजिल्हाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिल्हाधिकारी (सा.प्र) रणजीत देसाई, शिक्षा समिति सभापति प्रियंका म्हात्रे, नियोजन समिति सभापति जस्वीन घरत, महिला एवं बालकल्याण सभापति शिल्पा बाजपेई, बांधकाम सभापति चंद्रशेखर वडे, गटनेता भावानंद संखे, नगर प्रशासन के जिला सह आयुक्त श्याम पोशट्टी, उपविभागीय अधिकारी पालघर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, नगरसेवक और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान पालकमंत्री गणेश नाईक और जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वगणना में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी प्रदान कर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें।
Comments
Post a Comment