पालघर: डिजिटल जनगणना के लिए जिला पूरी तरह तैयार।तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद।

पालघर: डिजिटल जनगणना के लिए जिला पूरी तरह तैयार।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को मिला उत्साहजनक प्रतिसाद।

अखिलेश चौबे
पालघर। देश के इतिहास में पहली बार पूरी तरह डिजिटल रूप में आयोजित होने जा रही जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में 6 अप्रैल से 11 अप्रैल तक विशेष तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय प्रशिक्षकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न करने का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल डेटा एंट्री, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग तथा CMMS पोर्टल पर कार्य संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, व्यावहारिक सत्रों के माध्यम से घर सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) और घर गणना की प्रक्रिया को समझाया गया। जनगणना कार्यालय के मिलिंद पाटील, के. एम. भंडारी और संतोष वाघ ने प्रेजेंटेशन के जरिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा उनके कार्यों के बारे में मार्गदर्शन किया।
इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसके तहत मोबाइल एप के जरिए डेटा संग्रहण किया जाएगा। प्रशिक्षण में डेटा की शुद्धता बनाए रखने और नागरिकों से संवाद करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया।
जिले में इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का संचालन जिला कलेक्टर एवं प्रधान जनगणना अधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ तथा उप जिला अधिकारी (सामान्य प्रशासन) एवं जिला जनगणना अधिकारी रणजीत देसाई के नेतृत्व में किया जाएगा।
जनगणना 2027 देश की 16वीं जनगणना होगी, जो कई मायनों में ऐतिहासिक साबित होने जा रही है। इसमें पहली बार नागरिकों को स्वयं-गणना (Self Enumeration) का विकल्प दिया जाएगा। यह सुविधा 1 अप्रैल से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 के बीच घर सूचीकरण और घर गणना का क्षेत्रीय कार्य किया जाएगा।
जनगणना के दूसरे चरण में नागरिकों की विस्तृत सामाजिक और आर्थिक जानकारी एकत्रित की जाएगी। इस बार की जनगणना की प्रमुख विशेषताओं में डिजिटल माध्यम से तेज सूचना संप्रेषण, संभावित जाति आधारित आंकड़ा संकलन, स्वयं-गणना पोर्टल और सटीक डेटा संग्रहण शामिल हैं।
इस बीच, जिला प्रशासन ने पालघर के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना के लिए घर-घर आने वाले प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। यह अपील जिला कलेक्टर डॉ. इंदु रानी जाखड़ की ओर से उप जिला अधिकारी रणजीत देसाई ने की है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।