मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को मिलेगा बल।
मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को मिलेगा बल।
अखिलेश चौबे
मुंबई। देवेंद्र फडणवीस की विशेष पहल पर राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के उद्देश्य से एकलव्य फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ के साथ एक अहम सामंजस्य करार (एमओयू) किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि इस करार के माध्यम से बच्चों के भावनात्मक और मानसिक सशक्तिकरण के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे, जिससे भविष्य में बच्चों को आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी।
यह करार पुणे स्थित एकलव्य फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ के साथ किया गया है, जिसके तहत राज्य के सभी जिलों में केयरगिवर-आधारित सेल्फ हेल्प ग्रुप्स के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। इस पहल के तहत ऑफलाइन और डिजिटल दोनों माध्यमों का उपयोग करते हुए मरीजों और उनके परिवारों को सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक कलंक को कम करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
यह कार्यक्रम जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) के साथ समन्वय स्थापित कर लागू किया जाएगा, जिससे इसकी पहुंच और प्रभावशीलता दोनों में वृद्धि होगी।
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया यह समझौता आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। इस पहल से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में गुणवत्ता, उपलब्धता और समावेशिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव डॉ. निपुण विनायक, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के संचालक डॉ. कादंबरी बलकवडे, उपसचिव विलास बेंद्रे सहित फाउंडेशन के संस्थापक-संचालक डॉ. अनिल वर्तक, उपाध्यक्ष प्राची बर्वे, सचिव स्मिता गोडसे, खजिनदार मंजिरी चव्हाण और आजीवन सदस्य संध्या वर्तक भी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment