पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर द्वारा ‘राइपेन 2026’ का सफल आयोजन।194 विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन व सीपीआर का प्रशिक्षण।
पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर द्वारा ‘राइपेन 2026’ का सफल आयोजन।
194 विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन व सीपीआर का प्रशिक्षण।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर एमआईडीसी तारापुर स्थित टीमा हॉल में रविवार 12 अप्रैल 2026 को रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर (डिस्ट्रिक्ट 3141) की ओर से ‘राइपेन 2026’ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं सही प्रतिक्रिया देने हेतु प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक प्रार्थना कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के अध्यक्ष रामनारायण गोयल ने मुख्य अतिथि पी डी जी अरुण भार्गव, ए जी शशांक ठाकरे तथा रोटेरियन आनंद रामनानी सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान फायर ब्रिगेड ऑफिसर राउत के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड टीम ने आग लगने की विभिन्न परिस्थितियों और उन्हें नियंत्रित करने के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी तथा उसका प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया। इसके साथ ही सिविल डिफेन्स एवं एनडीआरएफ की टीमों ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, बचाव कार्यों तथा संकट की स्थिति में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के विषय में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।
रोटेरियन डॉ. पराग कुलकर्णी ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का सजीव प्रदर्शन करते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में उचित तकनीक अपनाकर किस प्रकार किसी व्यक्ति के प्राणों की रक्षा की जा सकती है।
इस कार्यक्रम में सेंट फ्रांसिस, आदर्श विद्यालय, विराज इंटरनेशनल, दीप ग्लोबल स्कूल, मुंबई पब्लिक स्कूल, संस्कृति स्कूल, सीटीईएस इंग्लिश मीडियम स्कूल, चिन्मया विद्यालय तथा यू.एस. ओसवाल स्कूल सहित कुल 12 विद्यालयों के 194 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में आपदा के समय सतर्कता, तत्परता एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी आमंत्रित विद्यालयों को ट्रॉफी तथा विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। रोटरी क्लब की ओर से उपस्थित सभी लोगों के लिए चाय, नाश्ता एवं स्वादिष्ट भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के महेंद्र सिंह पूनिया, आपदा प्रबंधन अधिकारी विवेकानंद कदम, नागरी संरक्षण दल के उप नियंत्रक के. आर. कुरकुटे, पालघर विधानसभा विभागीय क्षेत्ररक्षक निलेश वझे सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटरी क्लब के अध्यक्ष रामनारायण गोयल, सचिव शैलेश अग्रवाल, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. पराग कुलकर्णी, प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रशांत कदम, राकेश आचार्य, पूर्व अध्यक्ष शहापुरे, संध्या शहापुरे, राकेश मिश्रा, स्मिता जाधव, स्वामीनाथ पांडेय, अनिल जगदाले, रेखेश जैन, अलका जैन, डॉ. सोनम खांडेजोड़, रत्ना सिंह, संदीप राऊत, मुकेश भाटिया, आरती शिंदे, डॉ. कल्पना बारापत्रे, वृषाली कदम, फर्स्ट लेडी सविता गोयल, संतोष शिंदे, चंद्रकांत कोठावदे, संतोष बंग सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विशेष रूप से इस परियोजना को सफल बनाने में डॉ. पराग कुलकर्णी, प्रशांत कदम, शैलेश अग्रवाल, स्मिता जाधव तथा आरती शिंदे का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Comments
Post a Comment