मुंबई: “मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव” राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ, ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार की बड़ी पहल।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया उद्घाटन।
मुंबई: “मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव” राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ, ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार की बड़ी पहल।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया उद्घाटन।
अखिलेश चौबे
मुंबई। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “मेरा गांव, स्वास्थ्य संपन्न गांव” राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। इस महत्त्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हस्ते किया गया।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर सहित मंत्रिमंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अभियान से संबंधित वीडियो और जानकारी पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण महाराष्ट्र की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सक्षम, रोगमुक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। सरकार चाहती है कि यह पहल जनसहभागिता के जरिए एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले, जिससे गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा सके।
इस अभियान की विशेषता यह है कि इसमें उपचार के बजाय रोगों की रोकथाम पर अधिक जोर दिया जाएगा। इसके तहत स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, सांडपानी प्रबंधन, पोषण, तथा संक्रामक और असंक्रामक रोगों की रोकथाम जैसे बुनियादी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और बदलती जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य, विभाग, जिला और ग्राम पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले गांवों को “स्वास्थ्य संपन्न गांव” का दर्जा देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किया है, जिसके तहत ग्राम पंचायत, जिला परिषद, पंचायत समिति और स्वास्थ्य संस्थाओं को कुल 65.25 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर और स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने विश्वास जताया कि यह अभियान केवल एक योजना नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन बनकर उभरेगा। इसके माध्यम से ग्रामीण महाराष्ट्र में स्वास्थ्य का स्तर बेहतर होगा और एक स्वस्थ, सशक्त तथा समृद्ध समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
Comments
Post a Comment