पालघर: जिले में 294 मरीजों को लगभग 2.40 करोड़ रुपये की सहायता।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई गति।
पालघर: जिले में 294 मरीजों को लगभग 2.40 करोड़ रुपये की सहायता।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई गति।
अखिलेश चौबे
पालघर। राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ न प्राप्त कर पाने वाले पात्र और जरूरतमंद मरीजों के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि एक मजबूत सहारा बनकर उभरा है। पालघर जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 294 मरीजों को लगभग 2 करोड़ 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। जिला स्तर पर सहायता कक्ष की स्थापना, आवेदन प्रक्रिया को पेपरलेस बनाना तथा आवेदनों का त्वरित निपटारा जैसे कदमों से जरूरतमंद मरीजों को समय पर मदद मिल रही है। इसके साथ ही सामंजस्य करार (एमओयू) और क्राउड फंडिंग के माध्यम से समाजसेवी संस्थाओं, धर्मार्थ अस्पतालों और दानदाताओं का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है।
इन सुधारों के चलते मुख्यमंत्री सहायता निधि की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी बनी है और सहायता वितरण की गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। परिणामस्वरूप, अधिक से अधिक पात्र मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है।
मुख्यमंत्री सहायता निधि के तहत कुल 20 गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इनमें कॉक्लियर इम्प्लांट (2 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए), हृदय, यकृत, किडनी और फेफड़े के प्रत्यारोपण, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, घुटना और हिप रिप्लेसमेंट, कैंसर सर्जरी, सड़क दुर्घटना के मामले, नवजात शिशुओं के रोग, मस्तिष्क संबंधी बीमारियां, डायलिसिस, कैंसर की कीमोथेरेपी और रेडिएशन, जलने और विद्युत दुर्घटनाओं के मरीज शामिल हैं।
मुख्यमंत्री की पहल पर मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष, बीपीसीएल फाउंडेशन और टाटा मेमोरियल सेंटर के बीच बच्चों के कैंसर उपचार के लिए हाल ही में एक सामंजस्य करार किया गया है। इस करार के तहत कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के माध्यम से विशेष निधि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उपचार आसानी से मिल सकेगा।
1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच पूरे राज्य में 40,776 मरीजों को कुल 333 करोड़ 6 लाख 81 हजार 500 रुपये की चिकित्सा सहायता दी गई है। इसी अवधि में पालघर जिले के 294 मरीजों को लगभग 2 करोड़ 40 लाख 11 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री की इस पहल से राज्य के हजारों जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए मजबूत आर्थिक सहारा मिल रहा है। तेज निर्णय प्रक्रिया, पारदर्शिता और समाज के सहयोग से यह योजना अधिक प्रभावी साबित हो रही है।
अधिक जानकारी और सहायता के लिए मरीज 1800 123 2211 इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, ऐसा मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने बताया।
Comments
Post a Comment